बरसात के बाद सीवर फाड़कर बाहर आया गुड़गांव का विकास, बरसात के बाद गुड़गांव बन गया वाटर पार्क

punjabkesari.in Wednesday, Jul 03, 2024 - 05:55 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): मानसून की बरसात जहां शहरवासियों के लिए राहत लेकर आई है वहीं, यह अब लोगों के लिए आफत भी बन गई है। गुड़गांव का विकास अधिकारियों ने इस कदर कर दिया है कि बरसात में यह विकास कार्य सीवर के ढक्कन को हवा में उड़ाकर सड़कों पर बहता साफ नजर आ रहा है। शहर की कोई कॉलोनी ऐसी नहीं है जहां बरसात का पानी एकत्र न हो। बरसात आने के बाद तो नगर निगम कर्मचारी फील्ड में नजर आए, लेकिन लोगों को पूरी तरह से राहत दिला पाने में असफल रहे। बरसात में हुए जलभराव के बाद नगर निगम कर्मचारी बंद हुए सीवर को खोलने का प्रयास करते हैं। हैरत की बात यह है कि नगर निगम कर्मचारियों को यह तक नहीं पता कि क्षेत्र में सीवर कहां बने हुए हैं। ऐसे में स्वत: ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि नगर निगम कर्मचारियों ने क्षेत्र में सीवर की सफाई किस तरह से की है।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

दरअसल, मानसून की शुरूआत होने के बाद आज शहर में दूसरे दिन बरसात हुई। हालांकि बरसात ज्यादा देर तक तो नहीं हुई, लेकिन इस बरसात ने नगर निगम के पानी निकासी की व्यवस्था की पोल खोल दी है। कई जगह नगर निगम अधिकारी मोटर और जनरेटर लगाकर पानी निकासी करते दिखाई दिए तो कुछ स्थानों पर सीवर के ढक्कन को खोल दिया गया ताकि बरसात का पानी घरों में प्रवेश न कर सके। शहर की कोई कॉलोनी ऐसी नहीं है जिसमें जलभराव न हुआ हो। इस बार गनीमत रही कि शहर की मुख्य सड़कों पर पानी ज्यादा देर तक नहीं ठहर पाया। 

 

वहीं, बरसात के कारण शहर का तापमान लुढ़ककर 29 डिग्री तक पहुंच गया। उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बरसात में भीगते नजर आए। वहीं, बरसात के कारण कुछ वाहन चालक जल्दबाजी करते हुए गलत दिशा में भी जाते नजर आए जिसके कारण जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, बरसात में कई दोपहिया वाहन चालक भी बारिश में भीगकर अपने गंतव्य की ओर जाते नजर आए। एक तरफ जहां बरसात से लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं, यह बरसात प्रशासनिक अधिकारियों के लिए आफत बनकर आई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static