चंडीगढ़ तक जाएगी बरोदा से शुरू परिवर्तन की लहर: हुड्डा

11/11/2020 11:45:18 AM

गोहाना(अरोड़ा): बरोदा उप-चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल की जीत सुनिश्चित होते ही पूर्व सी.एम. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और उनके राज्यसभा सांसद बेटे दीपेन्द्र सिंह हुड्डा एक साथ गोहाना पहुंचे। हुड्डा पिता-पुत्र ने कांग्रेस उम्मीदवार की जीत को बरोदा हलके की जनता की जीत बताया।  पूर्व सी.एम. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने अपने उम्मीदवार इंदुराज नरवाल की जीत को सभी 36 बिरादरी, एक गरीब किसान के बेटे और आम कार्यकत्र्ता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने सी.एम. मनोहर लाल खट्टर को अपने सामने बरोदा सीट से उप-चुनाव लडऩे का न्यौता दिया था, तब खट्टर ने दावा किया था कि बरोदा से तो उनका साधारण कार्यकत्र्ता भी जीत जाएगा, पर सी.एम. बताएं कि किस पार्टी का साधारण कार्यकत्र्ता चुनाव जीता है।

पूर्व सी.एम. ने कहा कि बरोदा से शुरू परिवर्तन की लहर चंडीगढ़ तक जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकत्र्ताओं को विजय की बधाई टैलीफोन पर ही देने तथा दीवाली पर पटाखे न जलाने की नसीहत भी दी। राज्यसभा सांसद और सी.डब्ल्यू.सी. के सदस्य दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बरोदा की जनता ने भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास किया है। उन्होंने हार को गठबंधन की नैतिक पराजय बताया। सी.डब्ल्यू.सी. के सदस्य तथा राज्यसभा सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने तंज कसा कि अब तो सी.एम. मनोहर लाल खट्टर, जो कहते थे कि कांग्रेस कैंडीडेट को जानता ही कौन है, को भी हमारे उम्मीदवार का नाम पता चल गया होगा।

 

Isha