डीएसपी के सामने हत्यारा पिस्टल लहराते हुए बोला- 'मर्डर करके आया हूं गिरफ्तार कर लो'

10/24/2020 4:33:08 PM

पानीपत (सचिन): दो दिन पहले पानीपत में हुई किसान की हत्या के मामले में हत्यारोपी ने डीएसपी हेडक्वाटर में आकर सरेंडर किया। हत्यारोपी ने डीएसपी के सामने फिल्मी अंदाज में एंट्री मारी और पिस्टल दिखाते हुए बोला, 'डोल के विवाद में मर्डर करके आया हूं, गिरफ्तार कर लो।' जिसके बाद डीएसपी ने सेक्टर-29 थाना से पुलिस बुलाकर आरोपी को हिरासत में लिया। वहीं पुलिस ने थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 1 दिन के रिमांड पर लिया है।

बता दें कि गांव डाडोला में ड्रेन के साथ लगती जमीन को लेकर मृतक सुखबीर और आरोपी संदीप में मेढ़ को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के बीच दो से चार फीट तक की जगह को लेकर झगड़ा था। संदीप पक्ष का कहना था कि सुखबीर को अपनी मेढ़ पीछे करनी चाहिए। सुखबीर पक्ष कहता था कि उनकी मेढ़ सही जगह पर है। इसी विवाद में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी ने खेत में पहुंचकर मृतक सुखबीर को गोली मार दी थी।

वहीं आरोपी के सरेंडर के बाद डीएसपी ने बताया कि थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 1 दिन के रिमांड पर लिया है। किसान को सीने और पैर में 4 गोलियां लगी थी। सीने में गोली लगने से उसकी जान गई। किसान के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी, उसके भाई और माता-पिता के खिलाफ मिल-जुलकर किसान की हत्या करने और आम्र्स एक्ट का केस दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि केस की गहनता से जांच की जा रही है। जो भी अन्य व्यक्ति अपराध में शामिल पाया जाएगा, उसको भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Shivam