यहां गंदे पानी से होकर जाता है, श्मशान घाट का रास्ता; ऐसा है यमुनानगर का यह गांव

9/11/2022 5:42:15 PM

यमुनानगर(सुरेंद्र): हरियाणा के यमुनानगर में सिस्टम की बदहाली के चलते लोगों को शव यात्रा निकालने के लिए भी गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है पानी की समस्या को लेकर कई बार नगर निगम के पार्षद व अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अधिकारी इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बरसात के बाद ही यहां कई कई फुट पानी भर जाता है। गांव से निकलने वाली सड़क पर 12 महीने पानी खड़ा रहता है।  ग्रामीणों का कहना है कि आने जाने के लिए सड़क बनाई गई, लेकिन पानी निकासी का प्रबंध नहीं किया गया। इसके चलते आसपास की नाली का गंदा पानी भी इसी सड़क पर आ जाता है, जिसके चलते कई बार दोपहिया वाहन चालक यहां फिसलकर चोटिल हो जाते हैं।

 

यमुनानगर नगर निगम के वार्ड नंबर 12 का माजरा गांव विकास के नाम पर खून के आंसू रोने को मजबूर है। यहां किसी की मृत्यु होने पर सड़क पर खड़े कई कई फुट पानी में से होकर गुजरना पड़ता है। गांव के जागीर नामक व्यक्ति की मौत होने पर ग्रामीणों को उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गांव के मुख्य रास्ते में कई-कई फुट पानी खड़ा होने के चलते शव को गंदे पानी से ही श्मशान तक ले जाना पड़ता है।  यही नहीं इस पानी से निकल कर बच्चे स्कूल जाने को भी मजबूर हैं।

 

 इस पूरे मामले को लेकर नगर निगम के मेयर मदन चौहान ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है। पानी निकासी का प्रबंध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अचानक हुई तेज बारिश के चलते पानी निकासी नहीं हो पाई थी। उन्होंने कहा कि पानी निकासी के लिए जल्दी ही प्रोजेक्ट बनाकर इस समस्या का स्थाई समाधान किया जाएगा।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan