INLD का ''एकला चलो'' का ऐलान, अभय चौटाला बोले- अपने दम पर लड़ेंगे निकाय चुनाव, 24 तक सभी नाम होंगे साफ
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 04:20 PM (IST)
सोनीपत(सन्नी मलिक): इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला आज सोनीपत पहुंचे और निकाय चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आगामी निकाय चुनावों में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) राज्यभर में अपने चुनाव चिन्ह पर ही चुनाव लड़ेगी।अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी 23 या 24 तारीख तक सभी मेयर पद और पार्षद पद के उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। उन्होंने कहा कि इनेलो सभी उम्मीदवारों के नामों का एक साथ ऐलान करेगी।
महिला आरक्षण बिल को लेकर अभय चौटाला ने केंद्र सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि 33 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने की बात ओमप्रकाश चौटाला बहुत पहले ही कह चुके थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी महिला आरक्षण बिल की आड़ में परिसीमन बिल पास करना चाहती थी।
अभय चौटाला ने मांग की कि महिलाओं का आरक्षण सभी वर्गों में समान रूप से दिया जाए और बीजेपी अपने राजनीतिक फायदे के लिए महिला आरक्षण का इस्तेमाल न करे।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 27 तारीख को स्पेशल सेशन बुलाकर बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन उससे पहले किसानों से माफी मांगें, क्योंकि नए नियम लगाकर सरकार ने किसानों को परेशान करने का काम किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी अभय चौटाला ने जमकर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 9 विधायक करोड़ों रुपए में बिके, लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनमें से सिर्फ 5 को बलि का बकरा बनाया। अभय चौटाला ने दावा किया कि बाकी 4 विधायक हुड्डा के चहेते हैं, इसलिए उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही इन चारों के नाम भी सबके सामने रखेंगे।दुष्यंत चौटाला पर बोलते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जनता ने उन्हें 10 सीटें जीतने का मौका दिया था, अगर समय रहते अच्छे काम किए होते तो आज ऐसे दिन नहीं देखने पड़ते।