Weather Alert : उमस और गर्मी ने किया परेशान, 40 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

6/15/2020 8:01:38 AM

सोनीपत : रविवार को उमस और गर्मी ने जिला वासियों को जमकर परेशान किया। मौसम विभाग के अनुमानों अनुसार अगले कई दिनों तक लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। तापमान एक बार फिर से बढ़कर 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि सप्ताह के अंत में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ राहत की बूंदें जिला वासियों पर बरसा सकता है। दरअसल, जून में गत सप्ताह हुई बरसात से तापमान में गिरावट आई थी। गत शुक्रवार को भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ था परन्तु शनिवार शाम तक हल्की बूंदाबांदी होने के बाद उसका असर समाप्त हो गया। रविवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को खूब परेशान किया। 

बिजली की डिमांड बढ़ी, 55 प्रतिशत रही उमस 
रविवार सुबह से ही तेज धूप निकलने की वजह से तापमान में तेजी से वृद्धि हुई। दिन का अधिकतम तापमान रविवार को 40 डिग्री दर्ज किया गया। दिन भर आंशिक रूप से बादल भी छाए रहे और उमस की मात्रा 55 प्रतिशत रही जिसकी वजह से लोगों को गर्मी 42 डिग्री जैसे तापमान के समान महसूस हुई। गर्मी की वजह से बिजली की डिमांड बढ़ गई। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ खरखौदा जैसे शहरी क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटों ने लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ा दी। जिले में रविवार को बिजली की डिमांड 1 लाख यूनिट से भी अधिक पहुंच गई। 

जिले में लेट हुआ प्री-मानसून
मानसून ने गुजरात के कई जिलों में दस्तक दी है। सामान्य तौर पर जुलाई के शुरूआती दिनों में दिल्ली-एन.सी.आर. में भी मानसून दस्तक दे देता है। मानसून से पहले 13 जून के आसपास जिले में प्री-मानसून भी दस्तक देता है और कई दिनों तक अच्छी बरसात होती है परन्तु इस बार प्री-मानसून की दस्तक लेट हो सकती है। इसके 20 जून के बाद ही जिले में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। मानसून की दस्तक के बाद ही जिला वासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि इस बार जून में हुई अच्छी बरसात से खरीफ सीजन की फसलों को काफी फायदा पहुंचा है। 

Edited By

Manisha rana