सावधान! Haryana में बदलने लगा है मौसम का मिजाज, बारिश बंद... अब दिन-रात के तापमान में आएगा बड़ा उछाल

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 08:24 AM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की विदाई के बाद अब मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में अंतर साफ नजर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह से शुष्क  बना रहेगा। मौसम में आ रहे इस बदलाव के चलते दिन के समय धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, वहीं उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के प्रभाव से रातों के तापमान में गिरावट आएगी, जिससे हल्की ठंडक महसूस होगी।

हरियाणा के विभिन्न जिलों में दिन के तापमान में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। हालिया आंकड़ों के मुताबिक, महेंद्रगढ़ जिला 34.1°C अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में भी दिन का पारा 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है।

पहाड़ों की तरफ से आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से हवा में नमी कम हो रही है, जिससे आसमान साफ है। राज्य में किसी भी पश्चिमी विक्षोभ या मानसूनी प्रणाली के सक्रिय न होने से बारिश के आसार शून्य हैं। आसमान साफ रहने से दिन में सीधी धूप के कारण तपिश बढ़ेगी, जबकि रात में हवाएं ठंडी होकर तापमान गिराएंगी।


मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह समय किसानों के लिए फसलों की कटाई और सुखाने के लिए बेहद अनुकूल है। हालांकि, दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड के इस दोहरे मौसम के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं (जैसे सर्दी-जुकाम और बुखार) बढ़ सकती हैं, इसलिए आमजन को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static