हरियाणा में मौसम का U-Turn: पहले लू की चेतावनी, फिर बारिश...तेज हवाओं के साथ छाएगी काली घटा
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 07:33 AM (IST)
हरियाणा डेस्क : हरियाणा में आने वाले दिनों में गर्मी फिर बढ़ जाएगी। प्रदेश में आज से 27 मई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 26 और 27 को कई जिलों में गंभीर हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है। बीते दिन प्रदेश में कई जिलों में मौसम में बदलाव दिखा। सिरसा, महेंद्रगढ़ व झज्जर जिलों में बारिश हुई। वहीं अन्य कई जिलों में बादल छाए रहे।
मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 मई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं। हालांकि इन गतिविधियों के बावजूद अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
आज इन जिलों में चलेगी हीटवेव
राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45°C पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, पलवल, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)