WEATHER ALERT: हरियाणा में कल से बदलेगा मौसम, इन इलाकों में बारिश होने के आसार

12/26/2020 10:19:03 AM

डेस्कः प्रदेश में ठंड फिर बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। उत्तर हरियाणा के पंचकूला, यमुनानगर, अम्बाला, कुरुक्षेत्र, करनाल व आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हिसार व करनाल में शुक्रवार को रात का तापमान 2.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है। दिन में कहीं-कहीं बादल भी छाए।

उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। गुरुवार को करनाल में ठिठुरन बढ़ गई और रात्रि तापमान प्रदेश में सबसे कम 2.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। प्रदेश में अधिकांश जगहों पर पाला जमा तो अल सुबह से ही लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ा। हाईवे पर हालात यह थे कि दृश्यता 50 मीटर तक रह गई थी। 

अन्य इलाकों में कहीं-कहीं धुंध असर दिखा सकती है। 27 व 28 दिसंबर को शिमला में बर्फबारी हो सकती है। इसका असर मैदानी इलाकों में हाेगा। 28 व 29 दिसंबर को हरियाणा में शीतलहर चलने व पाला जमने की संभावना है। इससे रात का तापमान 3 से 5 डिग्री तक कम होने की संभावना है।

Isha