इनेलो की फूट, झूठ और लूट से परेशान लोगों का कांग्रेस में स्वागत: तंवर

10/18/2018 4:24:12 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): इनेलो में चल रहे घमासान पर अब विरोधी दलों के नेता भी तंज  कस रहे है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि इनेलो आज टूटने के कगार पर है। इस पार्टी के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्त्ता जो आज इन लोगों की फूट, झूठ और लूट से परेशान है उनका कांग्रेस में हम स्वागत करते है। तंवर आज सिरसा के कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इनेलो के लोग कांग्रेस में गुटबाज़ी होने की बातें करते थे। आज इनकी पार्टी में जब एक ही परिवार के 4 लोग ही एक होकर नही रह सकते तो प्रदेश का क्या करेंगे।

प्रदेश में चल रही रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल पर तंवर ने कहा कि सरकार गैर ज़िम्मेदार है जिसके चलते इतने दिनों से हड़ताल चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसी विभाग का निजीकरण नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार जो किलोमीटर स्कीम के तहत बसों को चलाने की बात कर रही है। उसमें हज़ारों करोड़ रुपये का घोटाला होगा। 

Rakhi Yadav