महेंद्रगढ़ में दर्दनाक हादसा... कुई की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी; वेल्डर की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 06:38 PM (IST)

महेंद्रगढ़ (प्रदीप बालरोडिया)  : महेंद्रगढ़ शहर के स्टेट हाईवे 148-बी स्थित लघु सचिवालय के पास गुरुवार दोपहर कुई की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कुई के अंदर काम कर रहे 48 वर्षीय विजयपाल मिट्टी के नीचे दब गए।

हादसे की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड सहित अन्य रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 40 मिनट तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान दो जेसीबी मशीनों की मदद से विजयपाल को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलने पर ASP फैजल खान भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि हादसा करीब दोपहर 12 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, विजयपाल वेल्डिंग का काम करते थे और आज सुबह अपने घर पर कुई की खुदाई कर रहे थे। खुदाई पूरी होने के बाद कुई के अंदर सीमेंट के फर्मे लगाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक जमीन धंस गई और कुई की दीवार भी गिर गई, जिससे विजयपाल मिट्टी के नीचे दब गए। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने जेसीबी की मदद से उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static