गृह मंत्री की लोकेशन के लिए बना व्हाट्सएप ग्रुप, एस.एच.ओ. द्वारा शेयर की जाती है सूचनाएं

2/19/2020 9:10:24 AM

चंडीगढ़ : हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के पुलिस थानों के औचक निरीक्षण से खौफजदा थानाध्यक्षों (एस.एच.ओ.) ने अब एक नया व्हाट्सएप ग्रुप तैयार किया है। इस ग्रुप के जरिए एस.एच.ओ. द्वारा आपस में गृह मंत्री के आने-जाने की सूचनाएं शेयर की जाती हैं। इस ग्रुप में सभी एस.एच.ओ. के बीच एक सामंजस्य बना हुआ है कि यदि गृह मंत्री अम्बाला से दिल्ली और दिल्ली से अम्बाला की ओर से निकलें तो ग्रुप में पल-पल की खबर शेयर होनी चाहिए। इस व्हाट्एप ग्रुप का खुलासा एक आई.पी.एस. अफसर ने किया है। उक्त अफसर ने यह बताया कि जब गृह मंत्री बाहर निकलते हैं तो प्रदेश की पुलिस अलर्ट मोड़ में हो जाती है।

दरअसल गृह मंत्री बनने के बाद अनिल विज पानीपत, अम्बाला और रोहतक में पुलिस थानों का औचक निरीक्षण कर कई पुलिसकर्मियों को सस्पैंड कर चुके हैं। गृह मंत्री की इस कवायद से पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है। पिछले दिनों रोहतक के सिविल लाइन थाने में निरीक्षण के दौरान मिली खामियों से विज असंतुष्ट नजर आए और उन्होंने सभी एस.एच.ओ. को थानेदारी की ट्रेनिंग देने के आदेश जारी कर दिए।

ग्रुप में जुड़े हैं 50 पुलिस थानों के एस.एच.ओ. 
विज की लोकेशन के लिए बनाए गए व्हाट्सअप ग्रुप में जी.टी. रोड व आसपास के करीब 50 पुलिस थानों के एस.एच.ओ. जुड़े हुए हैं। पूछने पर एक एस.एच.ओ. ने बताया कि ग्रुप में सूचना आते ही हम सभी अलर्ट हो जाते हैं ताकि गृह मंत्री को किसी तरह की कोई लापरवाही नजर न आए।

विज के खौफ से टैंशन में हैं जी.टी. रोड के एस.एच.ओ. 
पुलिस के बड़े अफसरों की मानें तो गृह मंत्री अनिल विज के खौफ का सबसे ज्यादा असर जी.टी. रोड के पुलिस थानों में तैनात एस.एच.ओ. व पुलिसकर्मियों में रहता है। यहां तैनात कर्मचारियों में हर समय इस बात का भय बना रहता है कि कभी भी गृह मंत्री की कार उनके थाने में आ सकती है। 

Isha