चरित्र पर शक हुआ तो पत्नी को उतार दिया मौत के घाट, आरोपी पति वारदात के बाद फरार

7/6/2021 4:11:51 PM

सोनीपत (पवन राठी): हरियाणा के सोनीपत में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर ही तेजधार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी शक के चलते उसने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस वारदात के बाद आरोपी पति फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

सोनीपत की ऋषि कॉलोनी निवासी रविंद्र ने जानकारी दी कि घर पर छोटा-मोटा झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसके छोटे भाई प्रवीण ने अपनी पत्नी पायल पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस पर उसे तुरंत लेकर सोनीपत के सामान्य अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

रविंद्र ने बताया कि झगड़े तो पहले भी होते थे। पहले भी एक बार झगड़ा हुआ था। तब भई अस्पताल में लाकर पायल का इलाज करवाया था। उन्होंने कहा कि मृतक पायल की दो लड़कियां और एक लड़का है, उसकी मौत के बाद तीन बच्चों से मां का साया उठ गया है। रविंद्र ने बताया प्रवीण और पायल की शादी 11 साल पहले हुई थी।

वहीं सिविल लाइन थाना प्रभारी नीरज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ऋषि कॉलोनी में एक महिला की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई है, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति अभी फरार है, उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar