''तू मेरे रास्ते का कांटा है...'' पति ने विरोध किया तो पत्नी और प्रेमी ने मिलकर ले ली जान, दोनों आरोपी भी झुलसे
punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 02:29 PM (IST)
हिसार: हरियाणा के हिसार जिले के गांव न्योली कलां में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंधों के विवाद के चलते एक महिला और उसके प्रेमी ने मिलकर उसके पति को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसे पति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि इस खूनी संघर्ष में आरोपी पत्नी और उसका प्रेमी भी झुलस गए हैं। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
सदर थाना के जांच अधिकारी अमित कुंडू ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक बलवान के बेटे विशाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी मां मीरा के उत्तर प्रदेश के औरैया निवासी रघुबीर के साथ अवैध संबंध थे। मीरा पिछले 4 महीने से रघुबीर के साथ शहर में एक किराए के मकान में रह रही थी।बुधवार की रात मीरा अचानक गांव स्थित अपने घर आई थी। परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक चीख-पुकार और शोर सुनकर विशाल की नींद खुली।
पति ने दबोचा तो आरोपी भी झुलसे
विशाल ने मौके पर जाकर देखा कि आरोपी रघुबीर उसके पिता बलवान पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा चुका था। विरोध करने के दौरान बलवान ने अपनी पत्नी मीरा और उसके प्रेमी रघुबीर को कसकर पकड़ लिया, जिसकी वजह से आग की चपेट में आने से वे दोनों भी बुरी तरह झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तीनों घायलों को पहले जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को पति बलवान की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे विशाल के बयानों के आधार पर आरोपी पत्नी मीरा और उसके प्रेमी रघुबीर के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।