जब भी राजनीतिक आंधी में हुए चुनाव तो हुई बम्पर वोटिंग

3/20/2019 9:46:39 AM

जींद (जसमेर): प्रदेश में जब भी संसदीय चुनाव किसी दल के पक्ष में चल रही राजनीतिक आंधी के समय हुए, तब सोनीपत संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं ने बम्पर वोटिंग की। जींद और सोनीपत जिलों में बंटे सोनीपत संसदीय क्षेत्र में सबसे ज्यादा वोटिंग 1977 और सबसे कम वोटिंग 1991 के संसदीय चुनावों में हुई। मुख्तयार सिंह मलिक के नाम सोनीपत में सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत लेने का रिकार्ड दर्ज है। सोनीपत संसदीय क्षेत्र में जींद जिले के 3 विधानसभा क्षेत्र जींद, जुलाना और सफीदों आते हैं।

इसके अलावा सोनीपत जिले के 6 विधानसभा क्षेत्र गोहाना, बरोदा, सोनीपत, राई, खरखौदा और गन्नौर इस संसदीय क्षेत्र का हिस्सा हैं। जब भी प्रदेश में संसदीय चुनाव किसी दल विशेष के पक्ष में चल रही आंधी के दौरान हुए तो सोनीपत संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं ने राजनीतिक सजगता का परिचय दिया और बम्पर वोटिंग की। 1999 में एन.डी.ए. की आंधी थी और तब भी सोनीपत संसदीय क्षेत्र में बम्पर वोटिंग हुई थी। 

सबसे कम वोट प्रतिशत लेकर सांसद बनने वाले निर्दलीय अरविंद शर्मा 
सोनीपत संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने गए प्रत्याशियों में कुल डाले गए मतों का सबसे ज्यादा प्रतिशत हासिल करने का रिकार्ड पूर्व सांसद स्व. मुख्तयार सिंह मलिक के नाम है तो सबसे कम वोट प्रतिशत लेकर सांसद बनने वाले निर्दलीय अरविंद शर्मा रहे। 

साल      विजयी प्रत्याशी             वोट प्रतिशत
1977    मुख्तयार सिंह मलिक    80.95 
1980    चौ. देवीलाल                 54.89
1984    धर्मपाल मलिक             48.04
1989    कपिल देव शास्त्री           50.95
1991    धर्मपाल मलिक             42.08
1996    अरविंद शर्मा                 33.07
1998    किशन सिंह सांगवान      41.94 
1999    किशन सिंह सांगवान      62.39
2004    किशन सिंह सांगवान      31.67
2009    जितेंद्र मलिक                47.57
2014    रमेश कौशिक                 35.00

1977 में एक लाख वोट भी नहीं ले पाई थी कांग्रेस
1977 के संसदीय चुनाव में देश और प्रदेश में जनता पार्टी के नाम की आंधी चल रही थी। तब सोनीपत संसदीय क्षेत्र से जनता पार्टी के मुख्तयार सिंह मलिक और कांग्रेस की सुभाषिणी के बीच मुकाबला था। इस चुनाव में जनता पार्टी के मुख्तयार सिंह मलिक को 346900 वोट मिले थे और उन्होंने सोनीपत के संसदीय चुनाव की सबसे बड़ी जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस की सुभाषिणी को 280223 मतों के अंतर से पराजित किया था। कांग्रेस की सुभाषिणी को महज 66677 वोट ही मिले थे।

Deepak Paul