हुड्डा की मर्जी चाहे हरियाणा की यात्रा करें या जेल की: विज

7/20/2017 8:33:10 AM

अम्बाला छावनी (जतिन):कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा राज्य के लिए अलग झंडे की तैयारी के लिए बनाई गई 9 सदस्यीय समिति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने इस सरकार को भंग करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विभाजन कांग्रेस पार्टी के डी.एन.ए. में है। जम्मू एंड कश्मीर में अलग झंडा कांग्रेस की बदौलत फहराया जाता है। सरदार पटेल की सभी प्रदेशों को जोड़ने की कोशिश को कांग्रेस बर्बाद करना चाहती है। विज ने कहा कि भारत एक राष्ट्र है। इसके 2 झंडे नहीं हो सकते। 

वहीं, हरियाणा में कांग्रेस की बिखरती सियासत को जमाने के लिए पूर्व सी.एम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा की जा रही हरियाणा परिक्रमा पर विज ने चुटकी लेते हुए कहा कि हुड्डा अब चाहे हरियाणा की यात्रा करें या जेल यात्रा, यह उनकी मर्जी, क्योंकि दोनों ही चीजें निकट भविष्य में मुहैया होने वाली हैं। विज ने कहा कि हुड्डा ने सी.एम. रहते जो काम किए हैं उनका जेल जाना लगभग तय है। राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा के दलित कार्ड से तिलमिलाई बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा राज्यसभा से इस्तीफा देने को विज ने मायावती को अंगुली कटवा कर शहीद होने की संज्ञा दे डाली। विज ने कहा अब कुछ ही दिन बचे हैं, राज्यसभा से उनकी मैम्बरशिप समाप्ति होने के कगार पर है। वे विपक्षी दलों की केवल सहानुभूति बटोरना चाह रही हैं।

विज ने कहा कि भारतीय सेना द्वारा उनकी हर हरकत का माकूल जवाब दिया जा रहा है और दिया जाएगा। विज ने कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि यह पिछली सरकारेंं नहीं हैं कि हाथ पर हाथ धरे बैठी रहेंगी। इस सरकार ने आर्मी को पूरी तरह से कार्रवाई की छूट दी हुई है और पाक की हर हरकत का कड़ा जवाब दिया जा रहा है।