अब ये संभालेंगे राम रहीम का 700 एकड़ का साम्राज्य!

8/26/2017 5:57:35 PM

रोहतक (रविंद्र श्योराण):यौन शोषण का दोषी करार दिए जाने के बाद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के 700 एकड़ के साम्राज्य के उत्तराधिकार को लेकर बहस शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि गुरमीत राम रहीम के इतने बड़े साम्राज्य को उनके बेटे जसमीत सिंह इंसां संभालेंगे । अब राम रहीम के पास 2 विकल्प बचते हैं। पहला यह कि वह जेल में रहकर भी डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख बने रहें या फिर अपने बेटे जसमीत सिंह इंसां को इसकी जिम्मेदारी सौंप दें। साल 2007 में राम रहीम ने अपने बेटे जसमीत को अपना उत्तराधिकार नामित किया था। राम रहीम की 3 बेटियां और 1 बेटा है।

हैलीकॉप्टर से रोहतक लाए गए थे डेरा मुखी
उल्लेखनीय है कि साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला सी.बी.आई. कोर्ट द्वारा संत गुरमीत राम रहीम को दोषी करार देने के बाद हुए उपद्रव को देखते हुए राम रहीम को एयरलिफ्ट किया गया था। हैलीकॉप्टर से राम रहीम को रोहतक की सुनारियां जेल के अंदर अस्थायी हैलीपैड पर उतारा गया था। वहां से राम रहीम को सुनारियां के रैस्ट हाऊस में रखा गया। उनके वहां पहुंचने से पहले ही सी.आई. एस.एफ. की कम्पनी सुनारियां में तैनात कर दी गई थी। राम रहीम के लिए एक सहयोगी की व्यवस्था की गई है, जबकि उनको निजी कपड़े पहनने की छूट भी दी गई है। बाद में राम रहीम को जेल भेज दिया गया।