प्रेमी के साथ एक साल रहने के बाद पति के पास आई पत्नी, अनबन हुई तो मिलकर मार डाला

11/30/2020 4:40:35 PM

सोनीपत (पवन राठी): हरियाणा के सोनीपत बंदेपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने व्यक्ति के मुंह पर चादर व चुनरी बांध रखी थी। शव कमरे के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला है। कमरे का बाहर से ताला लगा था।

बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी एक साल तक अपने प्रेमी के साथ रहने के बाद तीन माह पहले ही पति के पास आई थी। फिर से अनबन होने पर 10 दिन पहले हुई पंचायत में पति के साथ रहने की बात कही थी। वारदात के बाद पत्नी व उसका प्रेमी फरार है। फिलहाल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। 



22 साल पहले हुई थी शादी, आरोपी महिला दो बच्चों की मां
मूलरूप से गांव गुहणा फिलहाल बंदेपुर निवासी सोनू ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह उसका भाई नरेंद्र (40) राठधना रोड स्थित गैस एजेंसी पर नौकरी करता था। नरेंद्र की शादी 22 साल पहले गांव पिपली खेड़ा निवासी रेखा के साथ हुई थी। दोनों के दस व चार साल के दो लड़के लवीश व लड्डू हैं। नरेंद्र और रेखा के संबंध कई साल से ठीक नहीं चल रहे थे। इसके चलते रेखा एक साल तक आर्य नगर की पत्थर वाली गली निवासी सोमबीर के साथ रही। तीन माह पहले वह वापस अपने पति के साथ रहने लगी। फिर से कहासुनी होने पर 10 दिन पहले पंचायत हुई थी। पंचायत में रेखा ने अपने पति के साथ ही रहने की बात कही थी। 

हत्या के बात भाई को बताया
सोनू ने बताया कि सोमबीर ने नरेंद्र के मोबाइल से फोन किया था। उसने बताया कि हमने नरेंद्र का काम तमाम कर दिया है। रेखा ने भी हत्या करने की पुष्टि की थी। इस पर वह अपने परिवार के लोगों के साथ नरेंद्र के घर पर पहुंचा तो वहां ताला लगा हुआ था। आसपास के लोगों को साथ लेकर ताला तोड़कर घर में गए। वहां पर नरेंद्र का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके मुंह को कपड़े से बांध रखा था। सिर पर ठोस वस्तु से वार किया गया था। घर से रेखा दोनों बच्चों सहित गायब थी।

वहीं वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी रेखा और उसके प्रेमी सोमबीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज तलाश शुरू कर दी है।

Shivam