पत्नी की हत्या कर शव बेड में छिपाया, बदबू आने पर खुला राज(VIDEO)

11/25/2019 4:17:35 PM

बहादुरगढ़(भारद्वाज): जसोरखेड़ी में अपने बेटे के जन्मदिन पर 2 दिन पहले घर आई महिला की आपसी विवाद में उसके पति ने चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बैड में डाल दिया। बीती रात बच्चे इसी बैड पर सोए लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। रविवार को जब घर में रखे बैड से बदबू उठी तो उसके बाद हत्या से पर्दा उठा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।

आसौदा थाना पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर महिला के पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोनीपत जिले के गांव चौहान जोशी की रहने वाली ललिता की शादी कई साल पहले जसोरखेड़ी निवासी राजवीर के साथ हुई थी। ललित 2 बच्चों की मां थी जिनमें बड़ा बेटा व छोटी बेटी है। उसका राजवीर के साथ कई साल से विवाद चल रहा था। वह कई साल से गुरुग्राम में ही रह रही थी, जबकि उसका पति व बच्चे जसोरखेड़ी में ही रहते हैं।

बताया गया है कि गत 22 नवम्बर को उसके बेटे निशांत का जन्मदिन था। इसके लिए ललिता जसोरखेड़ी आई थी। उसी दिन रात के समय दम्पति में किसी बात को लेकर फिर से विवाद हो गया। आरोप है कि राजवीर ने उसका चुन्नी से गला घोंट दिया और शव को बैड में छिपा दिया। जब इस वारदात को अंजाम दिया गया, उस दौरान घर में कोई नहीं था। बच्चे भी अपनी मौसी जोकि जसोरखेड़ी में ही रहती है, के घर चले गए थे। पीछे से आधी रात के बाद राजवीर ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया।

जब कमरे में बदबू फैली तो वारदात से पर्दा उठा। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक रोहतास सिंह ने बताया कि मृतका के भाई के बयान पर महिला के पति राजवीर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया  है। हत्या के पीछे प्रारम्भिक तौर पर आपसी विवाद होना बताया जा रहा है।

Edited By

vinod kumar