पत्नी ने ससुराल आने से किया इंकार, पति ने लगाई फांसी

5/19/2018 9:48:51 AM

रोहतक: विशालनगर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक पिछले एक सप्ताह से अपनी बीवी को लेकर परेशान था, जिसके चलते शुक्रवार दोपहर बाद युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, साथ ही एफ.एस.एल. टीम ने मौके से नमूने जुटाए। 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी ताकि युवक के आत्महत्या के सही कारणों का पता लग पाए। शव का शनिवार को पोस्टमार्टरम किया जाएगा। शव को पी.जी.आई. के शव गृह में रख गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आत्महत्या करने वाला सुरेंद्र पुत्र प्रकाश सिंह मूल रूप से जींद जिले के गांव गंतोली का रहने वाला है। 

आरंभिक जांच में सामने आया है कि वह पिछले कई सालों से हुडा काम् प्लैक्स में सफाई करने का कार्य करता था। पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र की शादी इस साल जनवरी में भिवानी जिले में हुई थी लेकिन, पिछले 2-3 महीनों से पति-पत्नि में अनबन चल रही थी। इसी के चलते उसने आत्महत्या की है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीबन एक सप्ताह से काम पर भी नहीं जा रहा था। 

परिजनों के मुताबिक वह पिछले कई दिनों से खासे तनाव में था। पारिवारिक कलह के चलते ठीक से किसी से बात नहीं करता था। अपने भाई को भी रिश्ते में आई दरार के चलते जहर खाने की धमकी अक्सर देता रहता था।
 
 

Rakhi Yadav