पत्नी पर था अवैध संबंध का शक, बेरहम पति ने किया धारदार हथियार से हमला

3/1/2020 11:55:10 AM

अम्बाला शहर (पंकज) : शहर नागरिक अस्पताल के ट्रॉमा सैंटर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पति ने पत्नी पर अवैध सम्बंध के शक के चलते धारदार हथियार से वार कर घायल दिया। पति वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। वारदात का पता उस समय लगा जब बेटी ने कमरे का दरवाजा खोला तो देखा की उसकी मां के हाथ-पैर को बांध रखा था और दोनों पैर कटे हुए थे। बच्ची ने जब शोर मचाया तो आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। महिला को लहूलुहान हालत में देखकर पड़ोसियों में हड़कम्प मच गया।

घायल की मौसी उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में लेकर पहुंची। मामले की सूचना मिलते ही मायके वाले भी बेटी के ससुराल पहुंचे और घायल को ट्रामा सैंटर में भर्ती करवाया।  शहर के मनमोहन नगरवासी पीड़ित सोनिया ने बताया कि उसकी शादी 8 साल पहले 2 नंबर फाटक नजदीक विश्वकर्मा चौक संतपूर्ण मोहल्ला लुधियाना पंजाब निवासी धर्मेंद्र 30 वर्षीय के साथ हुई थी। पति धर्मेंद्र को उस पर शक था कि उसके किसी के साथ अवैध सम्बंध हैं। इसी के चलते अक्सर वह मेरे साथ मारपीट करता रहता था। वीरवार के दोपहर को धर्मेंद्र खाना खाने के लिए घर आया था।

इसी दौरान उसने बेटी को चीनी लेकर आने के लिए करियाने की दुकान पर भेज दिया। इसके बाद पति ने गाली-गलौच कर मारपीट करने लगा। पीड़ित ने बताया कि पति ने धारदार हथियार से उसकी दोनों टांगें काट दीं। वारदात को अंजाम देकर वह घर से फरार हो गया। जब बेटी घर आई और उसने दरवाजा खोला और मुझे बंधा हुआ पाया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी घर में पहुंच गए। पड़ोस में रहने वाली मौसी ममता इलाज के लिए स्थानीय नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंची। 

घायल की मां बबली ने बताया कि सोनिया को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया था तो सोनिया का देवर जगतार अस्पताल में किसी महिला को सोनिया की मौसी बताकर ले गया। अस्पताल से छुट्टी करवा कर सोनिया को लेकर घर पहुंच गया। जानकारी मिलने पर मायके वाले सीधे ससुराल पहुंच गए लेकिन उनके वहां पहुंचने से पहले ही ससुरालवाले घर से फरार हो गए थे। इसके बाद सोनिया को शहर लेकर आ गए। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है।

Isha