अब राशन डिपो के संचालन के लिए भी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी सरकार

11/22/2020 12:43:43 PM

चंडीगढ़ (धरणी): प्रदेश की पंचायतों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी पद सुनिश्चित करने के बाद अब नव वर्ष पर बीजेपी-जेजेपी की गठबंधन सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य सरकार प्रदेश में राशन डिपो के संचालन के लिए महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी ताकि मातृशक्ति को और ज्यादा ताकत मिले। यह जानकारी प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने दी। 

वे शनिवार को गुरुग्राम स्थित जेजेपी के नए जिला कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। डिप्टी सीएम ने कहा कि गठबंधन सरकार महिलाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में गठबंधन सरकार ने कानून बनाकर महिलाओं को पंचायत चुनावों में 50 फीसदी हिस्सेदारी दी है और यह व्यवस्था ग्राम पंचायतों से आगे बढ़कर जिला परिषद और ब्लॉक पंचायत समिति में भी लागू होगी, जिसमें ऑड-ईवन का फार्मूला इस्तेमाल होगा। 

उन्होंने कहा कि इसके अलावा महिलाओं को और ज्यादा मजबूत बनाने के लिए व्यवस्थाओं में बदलाव लाने की आवश्यकता है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार नए साल तक राशन डिपो के संचालन के नियमों में बदलाव लाकर इनकी नियुक्तियों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी और उन्हें नव वर्ष के अवसर पर यह नया तोहफा देगी।

vinod kumar