क्या भैंसवाल कलां से होगा इस बार भी भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2020 - 11:14 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): बरोदा विधानसभा क्षेत्र का गांव भैंसवाल कलां राजनीतिक मामलों में कितना महत्वपूर्ण है, इसका अनुमान आप इस बात से लगा सकते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की प्रतिक्षित टिकट भैंसवाल के चक्कर लगा रही है। यहां एक दो नहीं तीन ऐसे उम्मीदवार हैं जो इस समय भारतीय जनता पार्टी की टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। इनमें से किसी एक को टिकट दी जा सकती है। यह उम्मीदवार है योगेश्वर दत्त भारतीय जनता पार्टी, महेंद्र सिंह मलिक भारतीय जनता पार्टी, और भूपेंद्र मलिक जननायक जनता पार्टी। 

इन तीनों का संबंध भैंसवाल कलां गांव से है। इनमें से दो पिछला चुनाव लड़ चुके हैं। भाजपा के उम्मीदवार योगेश्वर दत पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर और भूपेंद्र मलिक जेजेपी तीसरे नंबर पर रहे थे। अब भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी मिलकर सरकार चला रहे हैं। इसलिए दोनों दलों का एक साझा उम्मीदवार मैदान में आएगा।

यद्यपि भारतीय जनता पार्टी के रणधीर लटवाल मुंडलाना भी उम्मीदवार हैं और उनके नाम पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है, परंतु सूत्र बताते हैं कि भारतीय जनता पार्टी जेजेपी के भूपेंद्र मलिक को वरीयता दे रही है। मलिक को आज चंडीगढ़ बुलाया गया और उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकात भी हुई। इस मुलाकात का एक अर्थ यह भी लगाया जा रहा है कि जेजेपी के दूसरे उम्मीदवार डॉक्टर केसी बांगड़ को चुनाव लड़ाए जाने की योजना नहीं बन रही है। 

भूपेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय से सूचना मिली थी कि उन्हें दोपहर बाद चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री से मुलाकात करनी है। मलिक ने इस संदर्भ में पहले अजय सिंह चौटाला से बात की और उनके कहने पर वे मुख्यमंत्री से मिलकर आए हैं। मुख्यमंत्री ने उनसे कुछ जरूरी मंत्रणा की और दिल्ली रवाना हो गए। 

मुलाकात के बाद भूपेंद्र मलिक गोहाना लौट आए हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को यह इल्म हो गया है कि कांग्रेस पार्टी संभवत डॉक्टर कपूर सिंह नरवाल को टिकट दे रही है। आज गोहाना में डॉक्टर नरवाल ने अपने घर पर कांग्रेस का झंडा लगा लिया है। पूरे हल्के में यह संदेश गया है कि निश्चित तौर पर डॉक्टर कपूर ही कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लडऩे जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vinod kumar

Related News

static