क्या बेटे की हरकत का खमियाजा भुगतेंगे बराला ?

8/6/2017 12:08:34 PM

हिसार (संजय अरोड़ा):चंडीगढ़ पुलिस द्वारा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला व उसके एक साथी के विरुद्ध छेड़छाड़ मुकद्दमा दर्ज करने व उन्हें गिरफ्तार करने के बाद यह मामला प्रदेश की सियासत में पूरी तरह से गर्मा गया है। आज दिन भर राजनीतिक गलियारों में इस मामले पर तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी रहा। इस मामले में विपक्षी दलों के नेताओं ने सुभाष बराला से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की। इस मामले में बाद में विकास बराला व उसके साथी को जमानत मिल गई है। भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने भी मीडिया में यह कह कर सफाई दी कि वे कानून को मानने वाले हैं और कानून अपना काम काम कर रहा है, मगर बहुत जल्द सच्चाई सामने आ जाएगी।

दूसरी ओर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी इस मामले में मीडिया से बातचीत के दौरान यह साफ किया कि यह मामला भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का नहीं है और जिससे संबंधित यह मामला है उस पर कार्रवाई की जा रही है। इस बीच बराला के इस्तीफे की मांग पर विपक्षीदलों का गुस्सा तेज हो गया है और हिसार सहित कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं की ओर से बराला का विरोध शुरू हो गया है। इस मामले में जहां विपक्षी दल लामबंद होकर इस्तीफे की मांग पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं तो वहीं पीड़िता के पिता वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी ने भी सोशल मीडिया की मार्फत अपना आक्रोश जाहिर करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

संगठन व सरकार के बीच कड़ी हैं बराला
बराला टोहाना से पहली बार विधायक बने हैं। वे भाजपा के पुराने सक्रिय नेता हैं। जातीय समीकरणों और उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया था। सी.एम. खट्टर के विश्वासपात्रों में शामिल हैं। अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने प्रदेश में भाजपा को मजबूत किया और वे सरकार और संगठन के बीच कड़ी का काम कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे और उसके साथी की ओर से हरियाणा के ही आई.ए.एस. की बेटी के साथ छेड़छाड़ के प्रयास का मामला शनिवार दोपहर से सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बन गया। इस मामले में भाजपा और सरकार के लोग जहां आरोपियों का बचाव करते नजर आए तो वहीं कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों के नेताओं ने गंभीर टिप्पणी की। फेसबुक, ट्वीटर और व्हाटसअप ग्रुपों में देर शाम तक मामले में तीखी बहस चलती रही।

नैतिकता के आधार पर दें इस्तीफा:अभय चौटाला
हरियाणा विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ बेटी बचाने और बेटी पढ़ाने जैसी बातों का ढिंढोरा पीट रही है और इसी पार्टी के नेताओं के बेटे सरेराह लड़कियों से छेड़छाड़ की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अभय चौटाला ने कहा कि सुभाष बराला में जरा सी भी नैतिकता है तो उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

CM ने भाजपा अध्यक्ष बराला को दी क्लीन चिट
हिसार (सर्वेश):मुख्यमंत्री खट्टर ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को क्लीन चिट देते हुए उनके पुत्र पर दर्ज युवती से छेड़छाड़ के मामले को व्यक्ति विशेष का मामला बताया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या बराला को पद से हटाया जाएगा, सी.एम. उनके बचाव में दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि ये विषय सुभाष बराला का नहीं है। शनिवार को यहां गुजवि में आयोजित महिला पुलिस दिवस समारोह के बाद जब पत्रकारों ने उनसे इस हॉट इश्यू पर सवाल किया तो सी.एम. ने डिप्लोमैटिक तरीके से इसका जवाब दिया। सी.एम. ने कहा कि उनके संज्ञान में ये मामला आया है। चंडीगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। सी.एम. ने कहा कि वे समझते हैं कि चंडीगढ़ पुलिस ठीक से जांच करेगी। हमें पुलिस और कानून पर पूरा भरोसा है। इसमें कहीं कोई दिक्कत नहीं है। साथ ही कहा कि ये विषय सुभाष बराला का नहीं है। लिहाजा किसी व्यक्ति विशेष का मामला होने के चलते जिसका भी मामला होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।