...क्या आज किसानों के साथ बनेगी केंद्र की बात? दिल्ली कूच से पहले चंडीगढ़ में होगी अहम बैठक

2/12/2024 8:52:19 AM

चंडीगढ़ : किसानों के दिल्ली कूच ऐलान के बाद हरियाणा और दिल्ली पुलिस द्वारा किसानों को रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और किसान-मजदूर मोर्चा 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेगा। इससे पहले किसानों को रोकने की आखिरी कोशिश के लिए चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय किसानों से शाम 5 बजे मीटिंग करेंगे।

किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए सिंघु बॉर्डर पर आवाजाही बंद हो जाएगी। सोमवार को यहां कॉमर्शियल गाड़ियों को बंद किया जाएगा। मंगलवार को इसे सभी वाहनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। इससे पहले किसानों को रोकने के लिए पंजाब-हरियाणा के शंभू, खनौरी समेत सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। दिल्ली से सटे सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर भी सीमेंट के बैरिकेड लगा दिए गए हैं। अंबाला के शंभू बॉर्डर और फतेहाबाद में बैरिकेड्स और लोहे की कीलें लगाई गई हैं। केंद्र ने हरियाणा में पैरामिलिट्री की 64 कंपनियां भेज दी हैं। इनमें BSF और CRPF के जवान भी शामिल हैं।



7 जिलों में इंटरनेट बंद

हरियाणा में कानून व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, फतेहाबाद, सोनीपत, झज्जर, पंचकूला, जींद, हिसार और चंडीगढ़ समेत 15 जिलों में धारा 144 लगाई गई है। ट्रैक्टर ट्रॉली पर किसी भी तरह के प्रदर्शन करने पर रोक है। साथ ही पुलिस की टीमें सोशल मीडिया पर भी अफवाह फैलाने वालों पर नजर रख रही है। हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, हिसार, कैथल, जींद, फतेहाबाद, डबवाली समेत सिरसा जिले में 13 फरवरी की रात 11.59 बजे तक डोंगल, बल्क SMS और इंटरनेट पर रोक लगाई गई है।

यह भी पढ़ें : किसानों का दिल्ली कूच, सिंघु बॉर्डर पर त्रिस्तरीय सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध, ट्रैक्टर से भेदना लगभग नामुमकिन



सीएम मनोहर बोले- ट्रैक्टर पर हथियार लाएंगे तो क्यों न रोकें

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने रविवार को पंचकूला में कहा कि किसान ट्रैक्टर पर हथियार बांधकर लेकर आएंगे तो हम उन्हें क्यों न रोकें? पंजाब के किसानों को हरियाणा में घुसने से रोकने के लिए सभी बॉर्डर सील किए गए हैं।



(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana