देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल क्या भाजपा के टिकट पर चुनावी रण में कूदेंगी? खास बातचीत में बड़ा इशारा

2/15/2024 8:18:02 PM

कैथल: पूर्व सांसद नवीन जिंदल व उनके परिवार के सदस्यों ने भाजपा ज्वाइन कर लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं को हवा दे दिया था। आज उनकी माता सावित्री जिंदल ने स्पष्ट कर दिया है कि अभी ऐसा विचार नहीं है। जब कुछ होगा तो सभी को पता चल जाएगा। कैथल में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की कार्यकारिणी सदस्य नवनीत गोयल की पुत्री स्तुति गोयल के विवाह के उपलक्ष्य में वे यहां पहुंचीं थीं। यहां पंजाब केसरी से विशेष बातचीत में उन्होंने राजनीतिक चर्चाओं पर भी अपने विचार रखे। प्रस्तुत हैं देश की सबसे अमीर महिला से विशेष बातचीत के प्रमुख अंश-

प्रश्र-आज कैथल दौरे का क्या प्रायोजन था?

उत्तर-देखिए कैथल हमारा परिवार है। यहां नवनीत गोयल की पुत्री का विवाह है तो बेटी को आशीर्वाद देने व परिवार को शुभकामनाएं देने पहुंची हूं। साथ ही यहां अपने सभी लोगों से मिलने का अवसर मिला है। जिस स्तुति बिटिया का विवाह है, उसे भी आशीर्वाद दिया।

प्रश्र-पिछले कई दिनों से चर्चाएं हैं कि पूर्व सांसद नवीन जिंदल भाजपा ज्वाइन करेंगे और कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे?

उत्तर-मैं भी ऐसी चर्चाएं सुन रही हूं। अभी कुछ ज्यादा मालूम नहीं है कुछ भी,जब समय आएगा तो आप सभी को पता चल जाएगा।

प्रश्र-चर्चाओं को उस समय बल मिला, जब आपकी फोटो का एक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसमें ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो है? क्या कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में इस बार फिर जिंदल परिवार चुनावी मैदान में उतरेगा?

उत्तर-देखिए, अभी ऐसा कोई विचार नहीं है। जो सबकी राय होगी या फिर समय अनुसार जैसा ठीक होगा, वैसा फैसला लिया जाएगा। इस बारे में उसी समय फैसला होगा।

प्रश्र-क्या यह स्पष्ट हो सकता है कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद फिर जिंदल परिवार सक्रिय राजनीति में आएगा?

उत्तर-मैंने पहले भी आपको कहा है, अभी तक ऐसे कुछ नहीं कहा जा सकता, समय आएगा, जब पता चल जाएगा।

प्रश्र-अग्रोहा मेडिकल कॉलेज हाल ही में पूरे देश में द्वितीय रहा है? आगे का क्या लक्ष्य है?

उत्तर-सारे अग्रवाल बंधू अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं। पूर्व में काम में कुछ कमी आई थी। उसे अब दूर कर दिया गया है। अब अच्छा मेडिकल कॉलेज चल रहा है। अभी यह पूरे देश में द्वितीय स्थान आया है। जो कॉलेज प्रथम आया है, उसकी खासियत पता करवाएंगे, वह किन आधार पर प्रथम आया है। अग्रोहा धाम में प्रथम स्थान पर आने के लिए जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। ताकि गरीब व जरूरतमंद लोगों को जितना संभव हो सके सस्ता एवं अच्छा इलाज दिया जा सके। आजकल बीमारियां बहुत फैल रही हैं। जिस कारण लोगों को अच्छे इलाज की जरूरत है। इसीलिए अग्रोहा धाम में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में इजाफा किया जा रहा है। इन्हीं सुविधाओं के बल पर यह पूरे देश में द्वितीय आया है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Editor

Saurabh Pal