महिला ने जेठ व सास पर ज्वलनशील पदार्थ फैंककर झुलसाने का लगाया आरोप, इलाज के दौरान हुई मौत

10/11/2019 11:28:43 AM

हिसार (ब्यूरो) : बरवाला एरिया के एक गांव की एक महिला ने शहर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसे झुलसी हुई हालत में 18 सितम्बर को अस्पताल में दाखिल कराया गया था।महिला ने जेठ पर छेड़छाड़ के बाद जेठ व सास पर ज्वलनशील पदार्थ फैंककर झुलसाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने छेड़छाड़ और हत्या प्रयास का केस दर्ज किया था। अब मामला छेड़छाड़ और हत्या के केस में तबदील हो गया है।

पुलिस के अनुसार एक गांव की महिला को परिजनों ने 18 सितम्बर को झुलसी हुई हालत में एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया था। उसने जिंदा रहते ज्युडिशियल मजिस्टे्रट के सामने बयान देकर कहा था कि जेठ ने उसके साथ छेड़छाड़ की। मैंने विरोध किया तो जेठ और सास उससे झगड़ा करने लगे।

बात इतनी बढ़ गई की दोनों ने ज्वलनशील पदार्थ उस पर उंड़ेलकर आग लगा दी। वे बाद में फरार हो गए। शोर सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठे हो गए। बाद में उसे एक वाहन में अस्पताल में पहुंचाया गया। महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव कब्जे में ले लिया। 

Isha