30 ग्राम हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार, पति पहले से जेल में बंद

8/2/2020 4:09:52 PM

फतेहाबाद (रमेश भट्ट) : फतेहाबाद की भूना थाना पुलिस ने 30 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला को उसके घर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान ज्योति निवासी भूना के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का पति पहले से नशे के मामले में जेल में बंद है। गिरफ्तार आरोपी महिला को उसका एक साथी नशा सप्लाई करता था और नशा बेचने के लिए फाइनेंस भी करता था। महिला को फाइनेंस करने वाले शख्स को भी पुलिस ने 30 ग्राम हेरोइन के मामले में आरोपी बनाया है।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अजैब सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को उसके घर से 30 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को उसका एक साथी नशा सप्लाई और नशा बेचने के लिए पैसे भी फाइनेंस करता था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी महिला ने अपने घर के बाहर सभी रास्तों पर सीसीटीवी लगा रखे थे। लेकिन पुलिस इस तरह के नशा तस्करों से ज्यादा हाईटेक है। वहीं इलाके में नशा तस्करी के मामलों में महिलाओं की संलिप्तता बढ़ने के बाद पुलिस ने अपनी महिला पुलिस विंग को स्पेशल ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया है ताकि नशा तस्करी में शामिल महिला तस्करों के खिलाफ अभियान तेज किया जा सके और महिलाओं को नशे के खिलाफ जागरूक भी किया जा सके।

Edited By

Manisha rana