पति, देवर की प्रताडऩा से थी परेशान, घर में लगाया फंदा, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

6/22/2022 9:15:56 AM

गोहाना: बरोदा थाने के निजामपुर गांव में पति और देवर की प्रताडऩा से परेशान एक महिला ने अपने ही घर में फंदा लगा लिया। इस पर उसकी मौत हो गई। उसके पिता के बयान पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है। सफीदों के पिल्लूखेड़ा का प्रेम सिंह पुत्र भरत सिंह पूर्व सैनिक है। 5 बच्चों में उसने सबसे छोटी लड़की नरेश कुमारी की शादी फरवरी 2017 में निजामपुर गांव के सुनील पुत्र राम मेहर से की। सुनील और नरेश कुमारी का 4 साल का एक बेटा सक्षम है। सुनील आर्मी में है। उसका छोटा भाई अमित अविवाहित है। वह गांव में सुनील के साथ ही रहता है।

पुलिस को दिए बयान में प्रेम सिंह ने कहा कि शादी के बाद से सुनील और नरेश कुमारी में अनबन रहती थी। सुनील जब भी फौज से छुट्टी पर आता था, वह उससे झगड़ा और मारपीट करता था। इसी तरह से नरेश कुमारी से उसका देवर अमित भी मारपीट करता था। दोनों भाइयों को कई बार समझाया, पर हालात नहीं बदले।

प्रेम सिंह का कहना है कि कुछ दिन पहले सुनील आर्मी से छुट्टी पर आया। तब नरेश कुमारी ने उससे मारपीट होने पर जब फोन किया, तब उसने (प्रेम सिंह) ने कहा था कि वह निजामपुर आएगा तथा उसे समझाएगा। पर उसके पास फोन आया कि नरेश कुमारी ने 20 जून को दोपहर बाद 2 बजे अपने घर में फंदा लगा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। मृतका नरेश कुमारी के पिता का कहना है कि उनकी बेटी ने पति और देवर की प्रताडऩा से दुखी होकर आत्महत्या की। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

Content Writer

Isha