विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर केस दर्ज

5/27/2017 11:56:03 AM

भिवानी(अशोक भारद्वाज):प्रदेश भर में महिलाओं व बेटियों पर अत्याचार निरंतर बढ़ रहे हैं। एक ताजा मामला भिवानी के दिनोंद गांव का है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक महिला के परिजनों ने इसे दहेज हत्या करार देकर न्याय की मांग की है। हालांकि दिनोंद गांव के पंचायती लोगों ने इसे पति-पत्नी का आपसी मनमुटाव बताया है। फिलहाल पुलिस ने पति सहित 6 लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

जानकारी के अनुसार जिला रोहतक के गांव सिसर निवासी 22 वर्षीय मंजू की शादी करीब डेढ़ साल पहले भिवानी के दिनोंद गांव निवासी अशोक के साथ हुई थी। परिजनों की मानें तो पिछले तीन-चार माह से मंजू के ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए तंग करते थे। मृतका के पिता राजबीर ने बताया कि इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई लेकिन मंजू का ससुर भविष्य में तंग न करने का आश्वासन देकर उसे ले गया। मृतका के पिता राजबीर व नाना मांगेराम ने कहा कि उनकी बेटी को दहेज के लिए मारा गया है।

मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शव भी ससुराल पक्ष को न देकर खुद ही अपने गांव में दाहसंस्कार करने की बात कही। जिसके बाद दोनों पक्षों में काफी तनातनी भी हुई। आखिरकार शव लड़के के परिजन अपने गांव सिसर ले गए और दिनोंद गांव की पंचायत दाह संस्कार करवाने उनके साथ चली गई।

दिनोंद गांव के बुजुर्ग दलबीर सिंह ने बताया कि ये दहेज हत्या नहीं है। उन्होंने बताया कि अशोक की पत्नी मंजू काम से बचती थी। घर वाले जो भी काम कहते वह मना कर देती थी। कल दोनों मोटर साइकिल पर बैठ कर खेत में गए थे। जहां किसी काम को लेकर दोनों में मनमुटाव हो गया और अशोक की पत्नी मंजू ने स्प्रे पी ली जिससे उसकी मौत हो गई।

वहीं इस पूरे मामले में पुलिस ने मृतका के पिता राजबीर की शिकायत पर पर्जा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जांच अधिकारी एस.आई. धर्मबीर सिंह ने बताया कि मंजू ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।