महिला ने डेरा सच्चा सौदा सिरसा में ली अंतिम सांस, परिवार वालों ने शरीर किया दान

8/17/2022 6:36:49 PM

पानीपत(सचिन): हरियाणा के पानीपत की रहने वाली एक महिला की डेरा सच्चा सौदा में सत्संग के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिवार वालों ने उनके शरीर को दान करने का फैसला लिया। डेरा सच्चा सौदा के सैकड़ों अनुयायियों के साथ महिला के परिजनों ने उनके शरीर को फरीदाबाद के मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया।

 

सत्संग में शामिल होने के लिए परिवार संग सिरसा पहुंची थी महिला

 

डेरा के हरियाणा प्रदेश के सदस्य नरेश चौधरी इंसा ने बताया कि पानीपत के ब्लॉक काबडी के विकास नगर की रहने वाली 66 वर्षीय निरानी देवी इन्सां सोमवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ सिरसा में डेरा सच्चा सौदा दरबार में सत्संग में शामिल होने के लिए गई थी। वहां उन्होंने दोपहर को अंतिम सांस ली। माता की अंतिम इच्छा के अनुसार उनके परिवार वालों ने देह दान कर मानवता का फर्ज अदा किया है। उन्होंने बताया कि निरानी देवी का देह अल फराह स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च सेंटर फरीदाबाद भेजा गया है, जहां मेडिकल के विद्यार्थी इन पर रिसर्च करेंगे और एक अनुभवी डाक्टर बनेंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी डेरे की अनुयायियों द्वारा कई शरीर डोनेट किए जा चुके हैं। 

 

साल 1988 में डेरे के साथ जुड़कर किया था नाम ग्रहण

 

निरानी देवी की बेटी पुष्पा ने बताया कि उनकी माता ने 1988 में डेरा सच्चा सौदा के दूसरे पातशाही शाह सतनाम सिंह जी महाराज जी से सिरसा दरबार में नाम दान दिया था और वह तभी से ही दिन रात सेवा सिमरन कर दूसरों की मदद करने के लिए तैयार रहती थी। बीते रोज उन्होंने सिरसा दरबार में अपनी अंतिम सांस ली है। उनकी इच्छा के अनुसार उनका आज शरीर व आंखें दान की गई हैं, जो हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि माता जी के तीन बच्चे हैं, जो अपने-अपने घरों में सुखी जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan