जहरीला पदार्थ निगलने से महिला की मौत, देवर पर लगा हत्या का आरोप

10/12/2019 10:08:06 AM

भिवानी (वजीर) : बेरला निवासी 3 बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। परिजनों ने रिश्ते में देवर लगने वाले गांव के एक व्यक्ति पर उसे जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि महिला ने देवर के साथ शादी करने से इन्कार कर दिया था। मृतक महिला की बहन ने बताया कि उसके पति की मौत के बाद रिश्ते में देवर लगने वाला एक व्यक्ति उसे तंग कर रहा था और जबरन उस पर शादी करने का दबाव डाल रहा था।

पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। मृतका की बहन के बयान पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। तोशाम निवासी मृतका सुनीता की बहन पिंकी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह कलकत्ता की रहने वाली है। उसने बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन सुनीता की शादी गांव बेरला निवासी ओमप्रकाश के साथ हुई थी। उसके 3 बच्चे हैं।

पिंकी ने बताया कि पिता की मौत के बाद सुनीता उसे भी कलकत्ता से यहां अपने पास ले आई। उसकी शादी तोशाम में कर दी थी। पिंकी ने बताया कि सुनीता के पति की कुछ साल पहले ही मौत गई थी। उसकी मौत के बाद से ही गांव बेरला निवासी एक व्यक्ति लगातार उस पर जबरन अपने साथ शादी करने का दबाव डाल रहा था। उसे फोन पर डराता-धमकाता था। अनेक बार उसे समझाया लेकिन वह नहीं माना। अब सुनीता ने उसे शादी से साफ इन्कार कर पुलिस कार्रवाई करवाने की चेतावनी दी।

पिंकी ने बताया कि सुनीता को उसके बेटे सोनू के सामने ही उक्त व्यक्ति ने शुक्रवार सुबह जबरन जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही बाढड़़ा थाना पुलिस सामान्य अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पिंकी के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसकी बहन के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी मुन्ना रिश्ते में सुनीता का देवर लगता था। वह सुनीता के पति ओमप्रकाश की मौत के बाद शादी करने का दबाव बना रहा था। इस बात से मना करने पर सुनीता व उसके बच्चों को प्रताड़ति किया जा रहा था। 

क्या कहते हैं जांच अधिकारी
बाढड़़ा थाना जांच अधिकरी शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पिंकी के बयान पर आरोपी मुन्ना के खिलाफ जहर देकर हत्या किए जाने का केस दर्ज किया है। पिंकी का आरोप था कि उक्त व्यक्ति उसकी बहन पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। इस बात से इन्कार करने पर उसे जहर देकर मार दिया। पुलिस इस मामले में आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करेगी। 

Isha