ऑस्ट्रेलिया से आई महिला आइसोलेशन वार्ड से भागी, मचा हड़कंप

3/13/2020 7:32:30 PM

सिरसा(सतनाम): सिरसा जिले के सामान्य अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब ऑस्ट्रेलिया से आई एक महिला आइसोलेशन वार्ड से बिना बताए भाग गई। महिला वीरवार को अस्पताल में सर्दी-जुकाम-खांसी का इलाज कराने अस्पताल आई थी, लेकिन कोरोना संक्रमण की आशंका के चलते उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। उसके सैंपल लेने की तैयारी चल ही रही थी, तभी वह बिना बताए वहां से फरार हो गई।

अस्पताल स्टाफ ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की मदद से महिला को उसके घर से लेकर नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने उसके सैंपल लेकर पुणे की टेस्टिंग लैब में भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार स्वास्थ्य विभाग कर रहा है। बता दें कि ये महिला दो दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटी थी।

जानकारी देते हुए सिरसा के नागरिक अस्पताल के डिप्टी सीएमओ डॉ. वीरेश भूषण ने बताया कि कल शाम को एक महिला खुद ही अस्पताल में पहुंची। उसने डॉक्टर को बताया कि वह दो दिन पहले ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटी है। कुछ दिनों से उसको खांसी- जुकाम की दिक्कतें हैं। ड्यूटी डॉक्टर ने खांसी, जुकाम व गले में दिक्कत से प्रभावित महिला को कोरोना आशंकित बताते हुए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। 

इलाज के दौरान विशेष टीम ने महिला का ब्लड सैंपल लेना था, लेकिन महिला किसी को बताए बिना वार्ड से चली गई। इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की मदद से महिला काे 2 घंटे के बाद ढूंढ लिया गया। महिला को घर से लाकर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवा गया। उन्होंने कहा कि इस महिला के सैंपल लेकर पुणे की टेस्टिंग लैब में भेज दिए हैं और जल्द ही रिपोर्ट आने की उम्मीद है। 

डॉ वीरेश भूषण ने बताया कि विदेशों से आने वाले लोगों को सिरसा के नागरिक अस्पताल में अपनी जांच हर हाल में करवानी होगी अगर वे लोग ऐसा नहीं करते है तो पुलिस की मदद से उसको अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक 98 लोग सिरसा में विदेशों से आए हंै, जिनमे से 48 लोगों का सिरसा के नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 28 दिन का ट्रीटमेंट किया जा  चुका है। उन्होंने कहा कि बाकि लोगों का भी ट्रीटमेंट आइसोलेशन वार्ड में किया जाएगा। भूषण ने कहा कि खासी जुकाम होने की स्थिति में डॉक्टर से तुरंत जांच करवाए।

Edited By

vinod kumar