महिला ने एम्बुलैंस में दिया बच्चे को जन्म, डिलीवरी के बाद अस्पताल में करवाया एडमिट

1/3/2021 8:22:42 AM

घरौंडा : 108 एम्बुलैंस सेवा में तैनात कर्मचारियों ने एक प्रवासी गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव करके अपनी कार्यकुशला का परिचय दिया। जच्चा व बच्चा दोनों स्वस्थ्य बताए जा रहे हैं। उनको उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवा दिया गया है जहां पर चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। कालरम के नजदीक एम.एम. भट्ठे पर रहने वाली एक प्रवासी महिला को प्रसव पीड़ा हुई। महिला के परिजनों ने तुरंत हैल्पलाइन नंबर पर कॉल किया। जिसके बाद एम्बुलैंस तुरंत मौके पर पहुंच गई।

एम्बुलैंस गर्भवती को लेकर घरौंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर रवाना हुई। वह प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। एम्बुलैंस ई.एम.टी. रणबीर सिंह ने स्थिति को भांपते हुए विशेषज्ञों की सलाह अनुसार एम्बुलैंस में ही सुरक्षित डिलीवरी करवाने में सफलता पाई। महिला ने एक लड़के को जन्म दिया।  रणबीर सिंह ने बताया कि गर्भवती को अचानक प्रसव पीड़ा हुई थी। अस्पताल पहुंचते-पहुंचते काफी देर हो जाती इसलिए विशेषज्ञों की सलाह पर सुरक्षित प्रसव करवाया गया है। महिला के परिजन भी एम्बुलैंस स्टाफ सदस्यों की कार्यकुशलता की सराहना कर रहे हैं। 

Manisha rana