एक अौर विवाहिता चढ़ी दहेज की बलि, पंखे से लटक कर की आत्महत्या

5/29/2017 2:06:28 PM

यमुनानगर(सुमित अोबोरोय):यमुनानगर के गांव भूखड़ी में विशाखा नाम की विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थियों में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज के लिए उनकी बेटी को मारा गया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न का का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। 

मृतका के पिता सोमवीर ने बताया कि उनकी बेटी की शादी यमुनानगर के भूखड़ी गांव में 2014  में हुई थी। उन्हें सूचना मिली कि आपकी लड़की ने सुसाइड कर लिया है तो हम वहां गए। हमने वहां जाकर देखा तो ऐसा लग रहा था कि जैसे उनकी बेटी को मारकर टांग दिया गया हो या उनके उत्पीड़न से उसने खुद आत्महत्या कर ली है। 

सोमवीर ने बताया कि उनका दामाद प्लाई बोर्ड फैक्टरी में काम करता था। शादी के बाद सब कुछ सही था लेकिन पिछले एक साल से उनका दामाद लड़की से मारपीट करता था अौर शराब भी पीता था। लड़की ने कई बार दहेज की शिकायत भी की थी लेकिन हम उसे समझाकर वहां भेज देते थे।

वहीं मृतका के भाई अंकुश ने बताया कि उन्हें जब इस हादसे की सूचना मिली तो वे तुरंत करनाल से यमुनानगर आ गए। जैसे ही उन्होंने अपनी बहन के घर में एंट्री की तो वह सामने फांसी पर लटकी हुई थी, उसके पास स्टूल रखा हुआ था। पंखे का लेवल उसके शरीर जितना था। उसकी टांगे मुड़ी हुई थी। उसको देख कर ऐसा लगता था जैसे उसकी हत्या की गई है।

वहीं इस मामले पर सदर जगाधरी के एस.एच.ओ. नवीन कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया गया है।