महिला ने फंदा लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखी वजह

5/18/2017 9:59:39 AM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट):चार मरला कलोनी में गत दिवस एक महिला ने चुन्नी से फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। मामले की सूचना मिलने पर शहर पुलिस और सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान घटनास्थल पर एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया। 

जानकारी के अनुसार चार मरला कॉलोनी में करीब 45 वर्षीय महिला ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका का छोटा बेटा जब दोपहर बाद कॉलेज से घर लौटा तो अपनी मां को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। बेटे ने पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी और इसके बाद सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सिटी थाना एस.एच.ओ. सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पंहुचे। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है जिसमें मृतका संतोष ने डिप्रेशन की वजह से सुसाइड करने की बात लिखी है। 

एस.एच.ओ. ने बताया कि सुसाइड नोट और शव कब्जे में ले लिए गए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार परिजनों व आस-पड़ोस के लोगों के पूछताछ में पता चला है कि अपने दो बेटों कृष्ण व रोहित के साथ चार मरला कॉलोनी में स्थित अपने घर में रहती थी। करीब 7 साल पहले महिला के पति की मौत हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक पति की मौत के बाद से महिला डिप्रेशन में रहती थी और पिछले कुछ समय से महिला की तबीयत भी खराब चल रही थी। फंंदे पर लटकी महिला के पास से बरामद हुए सुसाइड नोट में भी बीमारी व डिप्रेशन बढ़ने के कारण सुसाइड करने का जिक्र है।