महिला ने कपड़े से फंदा लगाकर दी जान, मृतका की मां बोली- पहले दबाया गला फिर फंदे पर लटकाया

1/31/2021 11:36:19 AM

पानीपत : 9 वर्ष पूर्व धर्म परिवर्तन करके लव मैरिज करने वाली महिला ने किशनपुरा में एक मकान के अंदर चौखट पर कपड़े से फंदा लगाकर जान दे दी। जिसकी हत्या करके फंदे पर लटकाने के गंभीर आरोप उसके पति पर ही मायके पक्ष के लोगों द्वारा लगाए गए है। पति ने अपने पक्ष में बताया कि घटना के समय वह काम पर गया हुआ था। जब उसने अपनी पत्नी से बात करने के लिए मोबाइल पर फोन मिलाया तो उसके 5 वर्षीय बेटे फैजल ने फोन उठाते हुए कहा कि पापा मम्मी चौखट पर कपड़े से लटकी हुई है। उसी के आधार पर वह अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा तो पत्नी को फंदे पर लटका पाया और तुरंत उसने किशनपुरा पुलिस चौकी में सूचना दी।

गांव मझना थाना नवाबगंज जिला फरुखाबाद, यू.पी. निवासी महिला उषा पत्नी ओम प्रकाश ने बताया कि वह हाल में अपने पांच बच्चों के साथ नोएडा के सैक्टर-5 में विकास पंडित के मकान में किराए पर रहती है। उसकी बेटी प्रियंका को नाहिद नामक एक युवक बहला फुसलाकर अपने साथ भगाकर ले गया और वर्ष 2011 में लव मैरिज कर ली। शादी के बाद दोनों पानीपत के किशनपुरा में किराए के मकान में रहने लगे। मृतका प्रियंका अपने पीछे 5 साल का लड़का फैजल छोड़ गई। उसकी बेटी ने उन्हें मोबाइल पर कॉल भी की थी, जो कुछ समय से परेशान चल रही थी। वह नाहिद से परेशान होकर नोएडा आना चाहती थी। लेकिन नाहिद ने उसकी बेटी प्रियंका का पहले गला दबाकर मौत के घाट उतार दिय़ा और फिर इसे आत्महत्या का रुप देने के लिए प्रियंका को फंदे पर लटका दिया तथा उसकी हत्या करने के बाद उसने उन्हें सूचना दी। 

जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने बेटी को मृत पाया। इस मामले की सूचना थाना चांदनी बाग के अंतर्गत किशनपुरा चौकी पुलिस को दी। जिसके आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया। आवश्यक कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका प्रियंका की मां उषा की शिकायत पर आरोपी पति नाहिद के खिलाफ केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है। 

Manisha rana