23 दिन बाद जिंदगी से जंग हारी महिला सफाईकर्मी, तेज रफ्तार कार ने मारी थी टक्कर
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 01:14 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले के हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर सड़क किनारे सफाई काम कर रही महिला कर्मी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने 23 दिन तक जिंदगी से जंग लड़ने के बाद पीजीआई, चंडीगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा दो कारों की लापरवाही के चलते हुआ। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान प्रियंका (36) निवासी क्योड़क, जिला कैथल के रूप में हुई है। वह एक निजी सड़क निर्माण कंपनी में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थी। परिवार में पति रमेश कुमार मजदूरी करता है, जबकि बेटा आदित्य (15) 12वीं और मोहित (12) 8वीं कक्षा में पढ़ते हैं। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के मोहनपुर गांव का रहने वाला है, जो फिलहाल क्योड़क में रह रहा था।
हाइवे पर चल रहा था सफाई कार्य कंपनी के सुपरवाइजर हाकम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अंबाला-हिसार रोड पर मलिकपुर गांव के पास 30 मार्च की सुबह करीब साढ़े 9 बजे हाईवे पर सफाई का काम चल रहा था। इस दौरान प्रियंका सहित कई महिलाएं सड़क किनारे सफाई कर रही थीं और मौके पर सुरक्षा उपकरण भी लगाए गए थे। दो तेज रफ्तार कारों ने बिगाड़ा संतुलन इसी दौरान पिहोवा की ओर से एक कार तेज गति से आई और उसके पीछे दूसरी कार (HR41K-9900) भी तेज रफ्तार में चल रही थी। आगे चल रही कार ने अचानक कट मार दिया, जिससे पीछे वाली कार का संतुलन बिगड़ गया और उसने प्रियंका को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रियंका उछलकर सड़क पर गिर गई।
इलाज के दौरान हुई मौत घटना के बाद उसे तुरंत पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई, चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। करीब 23 दिन तक चले इलाज के बाद प्रियंका ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस्माइलाबाद थाने में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)