हिसार में सनसनीखेज मर्डर, लिव-इन पार्टनर को चाकुओं से गोदा, आरोपी थाने पहुंच बोला- अन्य युवक संग रिलेशन में थी...

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 02:48 PM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : हिसार के शिवनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां  लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 32 वर्षीय महिला की उसके साथी ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी स्वयं सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा और हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

मृतका की पहचान पूजा (32) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब पांच वर्षों से गौरव (28) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। गुरुवार सुबह आरोपी गौरव खुद सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने पूजा की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी को साथ लेकर मौके पर पहुंची, जहां कमरे में महिला का शव पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक टीम को बुलाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, देर रात करीब तीन बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में गौरव ने पूजा पर चाकू से कई वार किए। महिला के गले, पेट और पीठ पर गंभीर चोटें मिली हैं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि पूजा पिछले कुछ महीनों से किसी अन्य युवक के संपर्क में थी। जिसके चलते उसने हत्या की। पुलिस का कहना है कि इस दावे की भी जांच की जा रही है। और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है। जानकारी के अनुसार पूजा की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और उसके तीन बच्चे हैं। दूसरी शादी के बाद रिश्ते खराब होने पर वह गौरव के साथ रहने लगी थी। वहीं मृतका की मां ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह उनकी बेटी से गलत काम करवाता था और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल था। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

static