सहेली के साथ स्कूटी पर जा रही थी महिला, रास्ते में बाइक सवार ने गोली मार कर दी हत्या

1/24/2021 3:12:14 PM

रोहतक (दीपक): रोहतक जिले के खरावड़ बाईपास पर कल देर शाम सांपला की रहने वाली एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका के साथ स्कूटी पर बैठी एक अन्य महिला भी स्कूटी फिसलने से घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक महिला का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने इस हत्या का शक मृतक महिला के दामाद पर ही जताया है। 

जानकारी के मुताबिक 48 वर्षीय सुनीता अपनी एक सहेली के साथ देर शाम रोहतक से सांपला की ओर स्कूटी पर जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार पीछे से आया और खरावर बाईपास पर महिला के सिर में गोली मार दी। घटना के बाद स्कूटी भी फिसल गई, जिससे साथ आ रही सहेली गंभीर घायल हो गई। उसे गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई ले जाया गया। 

वहीं इस घटना की सूचना के बाद आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया गया। मृतक सुनीता की भतीजी तमन्ना का कहना है कि उन्हें तो सूचना एक्सीडेंट की मिली थी, लेकिन जब रोहतक पीजीआई आकर देखा तो सुनीता के सिर पर गोली लगी थी। उन्हें इस हत्या के पीछे सुनीता के दामाद का ही हाथ दिखाई दे रहा है। जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में दे दी है। मामले की जांच कर रहे एसएचओ कुलदीप सिंह ने कहा कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

vinod kumar