रेप केस से नाम निकालने के बदले महिला ASI ले रही थी रिश्वत, विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा

3/15/2021 8:45:41 PM

फरीदाबाद (अनिल राठी): रेप केस में नाम निकालने के बदले आरोपी से रिश्वत लेने वाली महिला थाने में कार्यरत एएसआई सुमन को विजिलेंस टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी महिला पुलिसकर्मी रेप के आरोपी से 1.70 लाख रुपए पहले ही ले चुकी थी। सोमवार को दस हजार रुपए लेते गिरफ्तार किया गया है। 

जानकारी के अनुसार पलवल निवासी राकेश के खिलाफ एक महिला ने बल्लभगढ़ महिला थाने में 13 मार्च को दुष्कर्म करने का केस दर्ज कराया था। इस केस में थाने में कार्यरत एएसआई सुमन जांच अधिकारी थी। बताया जाता है कि एएसआई ने आरोपी का नाम निकालने और पीड़िता की मेडिकल जांच रिपोर्ट गलत बनाने के बदले आरोपी से 6 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। लेकिन सौदा 1.80 लाख में तय हो गया था। 

आरोपी ने महिला पुलिसकर्मी को 1.70 लाख रुपए दे भी चुका था। सोमवार को बाकी दस हजार रुपए देने थे। आरोपी राकेश ने इसकी शिकायत स्टेट विजिलेंस के डीएसपी कैलाश चंद से की। कैलाश चंद ने टीम बनाकर पुलिसकर्मी को रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई। सेामवार को विजिलेंस टीम ने राकेश को दस हजार रुपए के नोट देकर उसके नंबर नोट कर महिला थाने भेजा। जैसे ही महिला एएसआई सुमन ने पैसे लिए इशारा मिलने पर विजिलेंस टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से नोट भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

vinod kumar