शर्मनाक हरकत- वेश्यावृत्ति का धंधा करवाकर युवती की लाखों में लगाई बोली

3/4/2017 10:40:02 AM

रोहतक:एक युवती से वेश्यावृत्ति करवाने और उसके बाद राजस्थान के एक युवक को अढ़ाई लाख रुपए में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता किसी तरह युवक के चंगुल से छूटकर रोहतक पहुंची और महिला थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 महिलाओं सहित 3 के खिलाफ केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी अनुसार खोखरा कोर्ट क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने थाना महिला पुलिस को शिकायत दी कि सुखपुरा चौक के पास स्थित कालोनी की रहने वाली पूनम और पिंकी ने उससे वेश्यावृत्ति करवाई। उसके बाद उसको राजस्थान के युवक भोलू को बेच दिया।

उसने बताया कि वे 10 अक्तूबर, 2015 को उनके सम्पर्क में आई थी। उसके बाद से वह उससे वेश्यावृत्ति करवाने लगी। करीब डेढ़ साल पहले उसे राजस्थान के युवक को 2 लाख रुपए में बेच दिया। उसके बाद उससे 50,000 रुपए और लिए। उसके साथ वहां अत्याचार किया जाता था। वह किसी तरह वहां से निकलकर रोहतक पहुंची। महिला थाना प्रभारी इंस्पैक्टर गरिमा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी महिला पूनम और पिंकी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों महिलाओं को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी भोलू को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।