अर्धनग्न अवस्था में मिला महिला का शव, स्थानीयों ने जताई दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

5/7/2023 6:49:27 PM

साढौरा (सुमित ओबेरॉय) : गांव रसूलपुर में शनिवार को एक महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव मिला। मृतक महिला के शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे। शव मिलने की सूचना मिलते स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया शव की हालत देखकर दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही  एसपी मोहित हांडा, डीएसपी जितेंद्र, थाना सदोरा पुलिस और कई क्राइम यूनिट्स मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। हलांकि मृतका की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने महिला का शव सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।

साढौरा थाना क्षेत्र के रसुलपुर गांव में शनिवार की दोपहर को अर्धनग्न हाल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना को लेकर स्थानीय  निवासी कौशल ने बताया की वहां पास की ही दुकान पर काम करता है। रोज की तरह शनिवार दोपहर को भी वो बाथरूम करने के लिए दुकान के पीछे गया तो उसने देखा कि झाड़ियों में एक महिला की लाश पड़ी है। उसने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार भी इकट्ठा हो गए और उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एसपी मोहित हांडा, डीएसपी जितेंद्र कुमार, एसएचओ मेम सिंह, सीआईए की टीम मौके पर पहुंची।

एसपी मोहित हांडा ने मौके का निरीक्षण किया। महिला के चेहरे और शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए। कपड़े अस्त-व्यस्त होने के कारण  संभावना जताई जा रही है कि महिला के साथ दरिंदगी करने के बाद उसकी हत्या दी गई। हालांकि डीएसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि महिला के चेहर पर चोट के निशान हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि महिला की मौत कैसे हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आएगी। हालात देखकर लगता है कि महिला की बड़ी बेरहमी से हत्या की गई है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद ही सच सामने आएगा।

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Editor

Mohammad Kumail