स्वराज एक्सप्रैस में छीना महिला का पर्स, ट्रेन का इंतजार करता स्नैचर गिरफ्तार

3/18/2020 9:56:31 AM

अम्बाला छावनी (कोचर) : दिल्ली से जालंधर जा रही ट्रेन नम्बर 12471 स्वराज एक्सप्रैस में छावनी रेलवे स्टेशन आने से पहले ही एस-9 कोच में सवार एक एन.आर.आई. महिला का अज्ञात युवक ने पर्स छीन लिया, जिसमें करीब एक हजार रुपए की भारतीय करंसी, मोबाइल फोन जबकि 1 लाख 40 हजार रुपए की विदेश करंसी थी। जैसे ही ट्रेन छावनी स्टेशन पर पहुंची तो पीड़िता द्वारा पुलिस को शिकायत दी गई।

इसके बाद अज्ञात युवक पर स्नैचिंग की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। लेकिन घटना के कुछ घंटे बाद ही स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर वन-ए पर चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेन का इंतजार करते जी.आर.पी. ने एक युवक को हिरासत में लिया। उसके पास से महिला का छीना गया पर्स भी बरामद किया जिसमें करीब 1.40 लाख रुपए की विदेशी करंसी भी रिकवर की गई। आरोपी युवक की पहचान रमजान निवासी मंसूर पार्क इलाहाबाद उत्तर प्रदेश के रूप में हुई जिसे बुधवार सुबह जांच टीम द्वारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। 

Isha