लाल बत्ती पार करने से रोका तो महिला ने पुलिस पर बरसाए थप्पड़, सडक पर जमकर किया हंगामा

7/22/2022 8:13:56 PM

पानीपत(सचिन): पानीपत में लाल बत्ती पार करने वाली एक महिला द्वारा पुलिस जवान के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने पुलिस होमगार्ड पर थप्पड़ की बरसात कर दी। महिला ने पुलिस कर्मचारियों के सामने ही होमगार्ड के जवान की जमकर पिटाई की। यही नहीं जब महिला को रोकने की कोशिश की गई तो आरोपी महिला ने जजपा नेता देवेंद्र कादयान की धमकी देनी शुरू कर दी। काफी देर हंगामा करने के बाद महिला 4 से 5 पुलिसकर्मी होने के बावजूद मौके से भागने में कामयाब हो गई। हालांकि यह पूरी घटना कैमरों में कैद हो गई है। घटना के कुछ ही घंटे बाद जजपा नेता ने सामने आकर बताया कि वे इस  महिला को नहीं जानते।

संविधान चौक पर महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा

पूरा मामला शहर के संविधान चौक का है, जहां एक महिला ने लाल बत्ती क्रॉस करने के बाद जमकर हंगामा किया। पुलिसकर्मी धर्मबीर ने बताया कि महिला अपने पति के साथ सड़क से गुजर रही थी। दोनों ने संविधान चौक पर लालबत्ती पार की। जब इन्हें रोका गया तो महिला और उसके पति ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। महिला बार-बार पुलिस को धमकी भी दे रही थी। ट्रैफिक पुलिस एएसआई कृष्ण ने बताया कि गलती करने के बावजूद महिला ने पुलिस कर्मचारियों के साथ ना सिर्फ बदतमीजी की बल्कि कई पुलिस वालों के थप्पड़ भी जडे। महिला जजपा नेता देवेंद्र कादयान का नाम लेकर पुलिस को धमकी दे रही थी। बार-बार नेता के साथ फोन पर बात करने का दबाव बना रही थी।

महिला पुलिसकर्मी ना होने का फायदा उठाकर हुई फरार

हैरानी की बात यह है कि जब महिला सरेआम पुलिस वाले पर हाथ उठा रही थी, तब मौके पर कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसके बावजूद महिला लगातार हंगामा करती रही। मौके पर महिला पुलिस ना होने के चलते आरोपी महिला आसानी से वहां से भागने में कामयाब भी हो गई।

जजपा नेता बोले, महिला से नहीं है कोई नाता

होमगार्ड की पिटाई करने वाली महिला की खबर सामने आने के कुछ ही घंटों बाद जेजेपी नेता देवेंद्र कादयान ने भी मीडिया को बयान दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि इस महिला से उनके कोई रिश्ता नहीं है। दरअसल महिला बार-बार पुलिस को ना सिर्फ देवेंद्र कादियान के नाम से धमकी दे रही थी, जबकि उनके साथ फोन पर बात करने के लिए भी पुलिसकर्मियों पर दबाव बना रही थी। जजपा नेता देवेंद्र कादियान ने बतााया कि उन्हें इस घटना के बारे में पता चला है। लेकिन पुलिस के साथ हाथापाई करने वाली महिला को वे नहीं जानते। उन्होंने कहा कि हम कानून का सम्मान करते हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Isha