संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने निगला जहरीला पदार्थ, 2 बेटियों के सिर से उठा मां का भी साया

punjabkesari.in Friday, Jun 24, 2022 - 09:19 AM (IST)

रोहतक : गांव बहु अकबरपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि महिला ने बुधवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे तुरंत इलाज के लिए पी.जी.आई. में भर्ती करवाया। महिला के मायके  वालों ने कहा कि उसकी जहरीला पदार्थ खाने से मौत नहीं हुई, इसकी जांच की जाए।  मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली के शाहबाद निवासी दयाकिशन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी बेटी करीब 34 वर्षीय सोनिया की शादी करीब 10 साल पहले गांव बहु अकबरपुर निवासी सुनील के साथ हुई थी। 

8 मई को सुनील ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद सूचना मिली कि सोनिया की भी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह 9 बजे तो सोनिया के साथ फोन पर बात की थी। तब तक सोनिया ठीक थी, लेकिन इसके बाद उसके साथ कुछ हुआ है।  उन्हें सूचना मिली कि सोनिया की तबीयत खराब हो गई और उपचार के लिए पी.जी.आई. में भर्ती करवाया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे तो सोनिया को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 

सोनिया के ससुराल वालों का कहना है कि उसने जहरीला पदार्थ खाया है, लेकिन जहरीला पदार्थ खाने के कोई भी लक्षण दिखाई नहीं दे रहे। इसलिए जांच की जाए कि सोनिया की मौत किस कारण से हुई है।
वहीं,बहुअकबरपुर पुलिस थाना की जांच अधिकारी सुनीता ने बताया कि मृतका सोनिया के पिता दयाकिशन के बयान दर्ज किए हैं। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। अब पी.एम.ओ. रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जूटी है।


मृतक सोनिया को 2 बेटियां हैं, बड़ी बेटी उर्वशी व छोटी बेटी गीत। बता दें कि  उनके पिता सुनील की करीब डेढ़ माह पहले मौत हो गई थी। अब उनकी मां सोनिया की भी मौत हो गई, जिसके कारण दोनों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया है। परिवार वालों को दोनों बच्चियों के लालन-पालन की चिंता भी सता रही है।       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static