महिला पर रखता था बुरी नजर, विरोध करने पर चाकु से गोदा

2/6/2018 1:00:56 PM

फरीदाबाद(ब्यूरो): अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने गांव दयालपुर में एक तरफा प्यार में पागल होकर महिला की चाकू मार कर हत्या करने वाले आरोपी को गौतमबुद्ध नगर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गत 16 जनवरी को सरेआम इस वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। पुलिस उसी दिन से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। गांव दयालपुर में रहने वाले सुरेश कुमार ने थाना सदर में यह मामला दर्ज करवाया था।

उसने अपनी शिकायत में कहा था कि गौतमबुद्ध नगर के गांव मकनपुर बांगर का रहने वाला राजकुमार उर्फ राजू उसकी पत्नी राजबाला का दूर का रिश्तेदार है। कुछ समय पहले राजू गांव दयालपुर में उसके पड़ोस में रहता था। राजू का उसके घर में भी काफी आना जाना था। बाद में उसकी पत्नी ने बताया कि राजू उस पर बुरी नजर रखे हुए है। जिसके कारण उसने राजू का घर आना जाना बंद करवा दिया था। इसके बाद भी राजू लगातार उसकी पत्नी को परेशान कर रहा था। उसके विरोध करने पर वह जान से मारने की धमकी देता था। उसने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। 

घटना वाले दिन सुबह वह काम पर और बच्चे स्कूल चले गए थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे राजबाला पड़ोस से दूध लेकर लौट रही थी। तभी राजू बाइक पर सवार होकर पहुंच गया। राजू ने चाकू से गर्दन पर वार कर राजबाला को मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया। अपराध शाखा प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस उसी दिन से आरोपी की तलाश में जुटी थी। सोमवार को पुलिस ने एक सूचना के आधार पर राजू को गौतमबुद्ध नगर से गिरफ्तार कर लिया।