रेवाड़ी में कोख के सौदागर बेनकाब: 65 हजार में भ्रूण लिंग जांच का खेल करने वाले दो दलाल गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 08:49 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती): भ्रूण लिंग जांच के अवैध कारोबार के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और रेवाड़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो दलालों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पानीपत-सोनीपत की संयुक्त टीम और रेवाड़ी की पीसी-पीएनडीटी टीम ने नोडल अधिकारी डॉ. विद्यासागर के नेतृत्व में की। जानकारी के अनुसार दलालों ने सोनीपत से एक गर्भवती महिला को भ्रूण लिंग जांच के लिए रेवाड़ी बुलाया था। 

जांच के लिए 65 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले का भंडाफोड़ करने के लिए एक महिला को नकली गर्भवती बनाकर दलालों के पास भेजा। दलाल ने रेवाड़ी नागरिक अस्पताल में ही महिला से 65 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद धारूहेड़ा चुंगी के पास स्थित एक निजी अस्पताल से अल्ट्रासाउंड के लिए रेफरल स्लिप बनवाई गई। बाद में महिला को मॉडल टाउन स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जांच के लिए ले जाया गया। इस दौरान पानीपत, सोनीपत और रेवाड़ी की टीमें लगातार दलालों का पीछा कर रही थीं। 

अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंचने से पहले दलालों को टीम की कार्रवाई का शक हो गया और वे महिला को लेकर वहां से फरार हो गए। हालांकि रेवाड़ी पुलिस की सतर्कता के चलते सोनीपत से पीछा कर रहे राहुल और रामनिवास नामक दोनों दलालों को पकड़ लिया गया। पुलिस की पूछताछ और जांच में मामले से जुड़े कई और खुलासे होने की उम्मीद है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि निजी अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर की इस पूरे मामले में क्या भूमिका थी, सोनीपत से महिला को रेवाड़ी क्यों बुलाया गया और क्या जिले के किसी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर भ्रूण लिंग जांच का अवैध कारोबार चल रहा था। पीसी-पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. विद्यासागर ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static