सिविल अस्पताल में बीमार महिलाओं को नहीं मिल रही बैठने की जगह, फर्श पर ही लेटने को मजबूर

6/13/2019 11:52:47 AM

यमुनानगर (नेहा): सिविल अस्पताल में जब से बिल्डिंग का काम शुरू हुआ हैं तब से लगातार यहां आने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। हालांकि अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों की ओर से मरीजों की सुविधाओं के लिए हर संभव प्रयास भी किए जा रहे हैं लेकिन परेशानियां हैं कि कम होने का नाम तक नहीं ले रही हैं।

पहले से ही अस्पताल में बैड्स की कमी की वजह से यहां आने वाले बीमार लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुरानी बिल्डिंग के टूटने से अब दिक्कतें और भी ज्यादा बढ़ चुकी हैं।  बुधवार को ट्रामा सैंटर में बीमार महिलाएं फर्श पर लेटे देखी गई। कुछ महिलाएं एमरजैंसी वार्ड में तो कुछ डाक्टर के कमरे के बाहर ही लेटी हुई देखी गई। महिलाओं को ऐसे लेटे हुए देखते हुए काफी दयनीय स्थिति प्रतीत हो रही थी। लोगों को जहां जगह मिलती हैं वो वहां ही बैठ जाते हैं। 

धीमी गति से चल रहा नई बिल्डिंग का काम 
अस्पताल में आने वाले लोगों का कहना हैं कि नई बिल्डिंग के लिए काम बहुत ही धीमी गति से चल रहा हैं। ठेकेदार ने कम व नाममात्र मजदूरों को काम पर लगा रखा हैं। अगर काम ऐसे ही चलेगा तो नया अस्पताल बनाने में कम से कम 10 साल लग जाएंगे। अस्पताल में बीमार महिला का लेकर आए सूरज कुमार ने बताया कि अस्पताल में अभी यहां आने वाले बीमार लोगों के साथ-साथ उन्हें अस्पताल में लेकर आने वाले लोगों को भी बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

क्या कहते हैं एस.एम.ओ.
जब इस बारे में एस.एम.ओ. विजय दहिया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि बैड की दिक्कतें तो पहले ही चल रही थी।
 दाखिल होने वाले मरीजों का पूरा ध्यान रखा जा रहा हैं। अभी तक महिला वार्ड और लेबर वार्ड को शिफ्ट नहीं किया गया था। अब एक दो दिन में इन वार्डों को भी ट्रामा सेंटर में शिफ्ट किया जाएगा। ठेकेदार को बार-बार तेजी से काम करने के लिए कहा जा रहा हैं।

Isha