तीन संसदीय सीटों पर प्रतिद्वंद्वियों को टक्कर दे रही हैं महिला उम्मीदवार

5/2/2019 11:53:00 AM

ब्यूरो: हरियाणा की 10 संसदीय सीटों में से 5 सीटें ऐसी हैं,जहां पर प्रमुख दलों ने 6 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। इनमें 3 सीटें ऐसी हैं,जहां महिला उम्मीदवार अपने प्रतिद्वंदियों को कड़ी टक्कर देते हुए नजर आ रही हैं। गौरतलब है कि हरियाणा की इन 10  संसदीय सीटों पर कांग्रेस ने सर्वाधिक 2 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है,जबकि भाजपा,जजपा,लोसुपा व बसपा ने 1-1 महिला उम्मीदवार को टिकट दिया है। वहीं इनैलो ने किसी भी महिला नेत्री को उम्मीदवार नहीं बनाया है। 

कांग्रेस ने भिवानी-महेंद्रगढ़ एवं अम्बाला से श्रुति चौधरी व कुमारी शैलजा, भाजपा ने सिरसा से सुनीता दुग्गल,जजपा ने भिवानी-महेंद्रगढ़ से स्वाति यादव, लोसुपा ने सोनीपत से राजबाला सैनी एवं बसपा ने कुरुक्षेत्र से शशि सैनी को टिकट दिया है। मगर इन 5 में से 3 सिरसा,अम्बाला एवं भिवानी-महेंद्रगढ़ ऐसी सीटें हैं,जहां महिला उम्मीदवार अपने प्रतिद्वंदियों को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही हैं।

सुनीता दुग्गल का भी है वर्चस्व
सिरसा से भाजपा उम्मीदवार सुनीता दुग्गल निवर्तमान सांसद इनैलो प्रत्याशी चरणजीत रोड़ी एवं कांग्रेस प्रत्याशी डा.अशोक तंवर को कड़ी टक्कर दे रही हैं। वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ में कांग्रेस उम्मीदवार श्रुति चौधरी व जजपा प्रत्याशी स्वाति यादव भाजपा के निवर्तमान सांसद धर्मवीर सिंह को चुनौती देती दिख रही हैं। इसी तरह से अम्बाला से कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी शैलजा भाजपा के निवर्तमान सांसद रतनलाल कटारिया को चुनौती दे रही हैं। इनके अलावा सोनीपत व कुरुक्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरी राजबाला सैनी व शशि सैनी भी अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करवाने का प्रयास कर रही हैं।

शैलजा और श्रुति पहले रह चुकी हैं सांसद
वर्तमान में चुनावी समर में भाग्य आजमा रहीं कुमारी शैलजा एवं श्रुति चौधरी पहले सांसद रह चुकी हैं। कुमारी शैलजा 1991 एवं 1996 में सिरसा से जबकि 2004 में अम्बाला से सांसद रह चुकी हैं। 44 वर्षीय श्रुति चौधरी 2009 में भिवानी से सांसद रह चुकी हैं। जबकि सिरसा से भाजपा उम्मीदवार सुनीता दुग्गल,सोनीपत से लोसुपा उम्मीदवार राजबाला सैनी व कुरुक्षेत्र से बसपा उम्मीदवार शशि सैनी पहली बार संसदीय चुनाव लड़ रही हैं, हालांकि सुनीता दुग्गल ने अक्तूबर 2014 में भाजपा की टिकट पर रतिया से चुनाव लड़ा था,पर हार गई थीं।

सबसे कम उम्र की उम्मीदवार हैं स्वाति
रोचक पहलू यह है कि इन महिला उम्मीदवारों में भिवानी-महेंद्रगढ़ से जजपा प्रत्याशी 30 वर्षीय स्वाति यादव अमरीका के कैलमसन यूनिवर्सिटी से इलैक्ट्रिक इंजीनियरिंग में डिग्रीधारक हैं। उसके बाद जॉॢजया यूनिवर्सिटी से एम.बी.ए. किया। वे सभी महिला उम्मीदवारों में सबसे यंग भी हैं। कुमारी शैलजा ने एम.ए.,एम.फिल तक शिक्षा ली हुई है,जबकि श्रुति चौधरी ने लॉ की डिग्री ली हुई है। इसी तरह से सुनीता दुग्गल ने एम.एस.सी. की डिग्री ली है। कुरुक्षेत्र से बसपा उम्मीदवार शशि सैनी ने एम.ए. व बी.एड. किया हुआ है। 

Shivam